लेटेस्टशहर

जिसका शिलान्यास हम करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं: पीएम मोदी

गाजियाबाद। पीएम मोदी ने रैपिडएक्स ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण है। आज देश में पहली रैपिडएक्स ट्रेन शुरू हुई है। जिसका शिलान्यास हम करते हैं उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं। इसका मेरठ वाला हिस्सा 1-1.5 साल के बाद पूरा होगा, उस समय भी मैं आपकी सेवा में मौजूद रहूंगा। पीएम मोदी ने कहा कि नमो भारत ट्रेन नए भारत को परिभाषित करती है। आज हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। नमो भारत ट्रेन नए भारत का संकल्प है। आज भारत की पहली रैपिड रेल सेवा ‘नमो भारत ट्रेन’ राष्ट्र की समर्पित हुई है। लगभग चार साल पहले मैंने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल कॉरिडोर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी थी। आज साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक के हिस्से पर ‘नमो भारत’ का संचालन प्रारंभ हो गया है। पीएम मोदी ने कहा कि अभी मुझे इस आधुनिक ट्रेन से यात्रा का भी अनुभव प्राप्त हुआ है। मैंने तो बचपन रेलवे प्लेटफार्म पर बिताया है और आज रेलवे का ये नया रूप मुझे सबसे ज्यादा आनंदित करता है। हमारे यहां नवरात्रि में शुभ कार्य की परंपरा है। देश की पहली नमो भारत ट्रेन को भी मां कात्यायनी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। इस नई ट्रेन में ड्राइवर से लेकर सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। ये भारत की नारीशक्ति के बढ़ते कदम का प्रतीक है। पीएम ने आगे कहा कि नमो भारत ट्रेन में आधुनिकता भी है, गति भी है। ये नमो भारत ट्रेन, नए भारत के नए सफर और नए संकल्पों को परिभाषित कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का विकास, राज्यों के विकास से ही संभव है। आज बेंगलुरु में मेट्रो की दो लाइनों को भी देश को समर्पित किया गया है। इससे बेंगलुरु के आईटी हब की कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है। अब बेंगलुरु में रोज लगभग आठ लाख लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं। 21वीं सदी का हमारा भारत आज हर क्षेत्र में प्रगति की नई गाथा लिख रहा है। आज का भारत चंद्रयान को चंद्रमा पर उतारकर दुनिया में छाया हुआ है। आज का भारत जी 20 का इतना शानदार आयोजन करके दुनिया के लिए आकर्षण, उत्सुकता और दुनिया का भारत के साथ जुड़ने का एक नया अवसर बन गया है। आज का भारत एशियन गेम्स में 100 से ज्यादा पदक जीतकर दिखाता है। आज का भारत अपने दम पर 5जी लॉन्च करता है और उसे देश के कोने-कोने में ले जाता है। आज का भारत दुनिया में सबसे ज्यादा डिजिटल लेन-देन करता है। आज जो तेज रफ्तार नमो भारत शुरू हुई है, वो भी मेड इन इंडिया है, भारत की अपनी ट्रेन है। अभी प्लेटफार्म पर स्क्रीन डोर के सिस्टम का लोकार्पण हुआ है, वो भी मेड इन इंडिया है। नमो भारत, भविष्य के भारत की झलक है। नमो भारत, इस बात का भी प्रमाण है कि जब देश की आर्थिक ताकत बढ़ती है, तो कैसे हमारे देश की तस्वीर बदल जाती है।पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली-मेरठ का ये 80 किमी. से ज्यादा का ट्रैक तो बस एक शुरूआत है। पहले फेज में दिल्ली, यूपी, हरियाणा और राजस्थान के अनेक क्षेत्र नमो भारत ट्रेन से कनेक्ट होने वाले हैं। बदलते हुए भारत में ये बहुत जरूरी है कि सभी देशवासियों का जीवन स्तर सुधरे, लोग अच्छी हवा में सांस लें, यातायात के अच्छे साधन हों, अच्छे शिक्षण संस्थान हों और इलाज की बेहतर व्यवस्था हो। इन सब पर आज भारत सरकार विशेष जोर दे रही है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर आज भारत सरकार जितना खर्च कर रही है, उतना हमारे देश में पहले कभी नहीं हुआ। कार्यक्रम में सीएम योगी, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी समेत सभी जनप्रतिनिधि व भाजपा संगठन प्रदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button