स्मार्ट एनजीओ के तत्वावधान में हिंट रेडियो 90.4 द्वारा टीकाकरण जागरूकता एवं शिविर का आयोजन

गाजियाबाद। स्मार्ट (SMART) के तत्वावधान में हिंट रेडियो 90.4 एफएम ने आज गुलधर फाटक के पास स्थित केबिन की झुग्गियों में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) के सहयोग से टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य समुदाय के लोगों, विशेषकर बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाना तथा उन्हें नियमित टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 10 से अधिक पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। साथ ही, लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीके लगवाने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। हिंट रेडियो 90.4 की टीम ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उन्हें सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया।






