लेटेस्टशिक्षास्लाइडर

यूपी बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं शुरू, बनाया गया राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम

  • परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाले पर होगी कड़ी कार्यवाही
  • सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले होंगे दंडित
  • समस्त जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश
    लखनऊ।
    यूपी बोर्ड की दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। इसको लेकर राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में यूपी बोर्ड परीक्षा-2022 की आनलाइन मॉनीटरिंग के लिए स्थापित राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम का शुभारम्भ किया। इस मॉनीटरिंग केन्द्र से प्रत्येक जनपद के प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के प्रत्येक परीक्षा कक्ष की परीक्षा अवधि में कड़ी निगरानी की जायेगी। इस कन्ट्रोल रूम द्वारा प्रश्न पत्र खुलने से लेकर परीक्षा उपरान्त कापियों की सीलिंग एवं पैकिंग तक की आॅनलाइन निगरानी होगी।
    मुख्य सचिव ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन तथा शुचितापूर्वक सम्पन्न कराने में यह एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने यह भी कहा परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाले पर कड़ी कार्यवाही होगी तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले दंडित होंगे। उन्होने बताया कि समस्त जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को शान्तिपूर्वक एवं नकल विहीन परीक्षायें कराने हेतु निर्देश दिये जा चुके हैं। इस अवसर पर उन्होंने बोर्ड परीक्षा का लोगो लक्ष्य सफलता का विमोचन किया। लोगो के अतिरिक्त जन सामान्य हेतु ट्वीटर एकाउंट, फेसबुक, ई-मेल तथा व्हाट्सएप की सुविधा का शुभारम्भ किया एवं सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनायें दीं।
    मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। कल 24 मार्च, 2022 से प्रारम्भ होकर 12 अप्रैल, 2022 को समाप्त होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में लगभग 52 लाख परीक्षार्थी भाग लेंगे। यह परीक्षा 8 हजार से अधिक केन्द्रों पर हो रही है। इनमें कक्षों की संख्या लगभग 1 लाख 37 हजार होगी। बोर्ड की परीक्षा डिजिटल आई की निगरानी में है। लगभग 3 लाख सीसीटीवी कैमरे परीक्षा केन्द्रों पर लगाये गये हैं।
    इससे पूर्व, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने मुख्य सचिव का स्वागत किया तथा कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण कराया। उन्होंने बताया कि नकल विहीन तथा शुचिता पूर्वक परीक्षायें कराने हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के प्रत्येक कमरे पर लगातार निगरानी की जायेगी।
    इस अवसर पर स्टाफ आॅफिसर मुख्य सचिव राजेश कुमार एवं अनिल कुमार तथा विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा शम्भु कुमार एवं जय शंकर दुबे, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार पाण्डेय तथा शासन व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button