राष्ट्रीयलेटेस्ट

गुरु गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास समारोह सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न किया जाए: योगी

  • राष्ट्रपति करेंगे शिलान्यास, राज्य के पहले आयुष विश्वविद्यालय में एक ही परिसर में आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथी और योग चिकित्सा की पढ़ाई और उस पर शोध कार्य होगा
    लखनऊ।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि गुरु गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास समारोह सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न किया जाए। सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। समारोह में साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जाये। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी को कोई भी असुविधा न होने पाये। मुख्यमंत्री ने यह विचार जनपद गोरखपुर के भटहट विकासखण्ड के ग्राम पिपरी में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा किए जाने वाले गुरु गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारियों के भौतिक निरीक्षण के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने दर्शक दीर्घा, मुख्य मंच, सेफ हाउस आदि का निरीक्षण कर तैयारियों को देखा। आयुष विश्वविद्यालय निरीक्षण के उपरान्त उन्होंने वहां एकत्र छोटे बच्चों एवं युवाओं से उनकी कुशलक्षेम पूछी। उल्लेखनीय है कि ग्राम पिपरी में 52 एकड़ भूमि में स्थापित होने वाले राज्य के पहले आयुष विश्वविद्यालय में एक ही परिसर में आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथी और योग चिकित्सा की पढ़ाई और उस पर शोध कार्य होगा। इन विधाओं से यहां चिकित्सा भी उपलब्ध रहेगी। प्रदेश के आयुष विधा के 98 कॉलेज इस विश्वविद्यालय से सम्बद्ध होंगे। इस विश्वविद्यालय में आयुष इंस्टीट्यूट व रिसर्च सेंटर भी होगा। विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 299.87 करोड़ रुपये की डीपीआर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने बनायी है। विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य मार्च, 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री विजय किरण आनंद ने मुख्यमंत्री जी को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के बारे मे विस्तापूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button