राज्यलेटेस्टस्लाइडर

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से घर-घर पहुंचाई जा रही रसोई गैस: सीएम योगी

  • उज्जवला योजना के द्वितीय चरण में लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए गैस कनेक्शन
  • वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए सीएम योगी ने की कई जनपदों की लाभार्थी महिलाओं से बात
    लखनऊ।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के द्वितीय चरण में नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन प्राप्त करने वाली 10 जनपदों की लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। लाभार्थी महिलाओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गरीब एवं जरूरतमन्द परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन के माध्यम से बेहतर जीवन सुलभ कराने के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अन्तर्गत नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
    मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सोनाली राठौर, रेखा देवी (हरदोई), शबाना, रजनी (फर्रुखाबाद), गीता, अर्चना (अमेठी), रोशनी, प्रियंका (चित्रकूट), प्रीती साहू, साफिया (बांदा), रानी (सोनभद्र), शिव दुलारी, आमीना (रायबरेली), कल्पना, खुशबू गुप्ता (महोबा), रीना (बदायूं), सरिता देवी (फतेहपुर) से संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ईंधन का अर्थ स्वास्थ्य के लिए उत्तम ईंधन है। रसोई गैस एक स्वच्छ ईंधन है। इसके उपयोग से महिलाओं को भोजन बनाने में सहूलियत होगी, समय की बचत होगी। साथ ही, लकड़ी, कोयले, उपलों आदि के धुएं से होने वाली आंख एवं फेफड़े की बीमारियों से बचाव भी होगा। रसोई गैस के प्रयोग से पेड़ों का कटान कम होगा, इससे पर्यावरण भी बेहतर होगा। लाभार्थी महिलाओं ने रसोई गैस उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
    मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 10 अगस्त, 2021 को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के द्वितीय चरण का शुभारम्भ प्रदेश के जनपद महोबा से किया गया है। इसके तहत देश में कुल एक करोड़ नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन गरीब एवं जरूरतमन्द परिवारों को प्रदान किये जाएंगे। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के द्वितीय चरण हेतु प्रदेश के 10 जनपदों सोनभद्र, बांदा, महोबा, चित्रकूट, रायबरेली, हरदोई, बदायूं, अमेठी, फतेहपुर एवं फर्रूखाबाद का चयन किया गया है। इन जनपदों की 20 लाख लाभार्थियों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के द्वितीय चरण में नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन प्रदान किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजना के इस चरण में उन प्रवासी श्रमिकों के लिए विशेष प्राविधान किये गये हैं, जो प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के प्रथम चरण में पते के प्रमाण के अभाव में योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह गये थे।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का शुभारम्भ एक मई, 2016 को प्रदेश के जनपद बलिया से किया गया था। योजना के अन्तर्गत मार्च, 2020 तक 8 करोड़ वंचित परिवारों को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिये जाने का लक्ष्य था। इस लक्ष्य को तय सीमा से 7 महीने पूर्व सितम्बर, 2019 में प्राप्त कर लिया गया। योजना के अन्तर्गत प्रदेश में सर्वाधिक 1.47 करोड़ से अधिक नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन गरीब एवं जरूरतमन्द परिवारों को उपलब्ध कराये गये हैं।
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह धुन्नी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में धुआं रहित ग्रामीण भारत की परिकल्पना साकार हो रही है। गरीब परिवारों को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन की उपलब्धता से प्रदूषण कम करने व पेड़ों की कटान नियंत्रित करने में मदद मिली है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्जवला योजना पर केन्द्रित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद वीना कुमारी मीना, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button