लेटेस्टशहरस्वास्थ्य

डेंगू के प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर, घर-घर जाकर मच्छर जनित परिस्थितियों को करेंगे नष्ट : सीएमओ

  • जिला सर्विलांस अधिकारी के नेतृत्व में दिया गया प्रशिक्षण
  • डेंगू से निपटने को स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर
  • ढाई सौ ब्रीडिंग चेकर फील्ड में उतारे
    गाजियाबाद। जनपद में डेंगू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. भवतोष शंखधर ने बताया कि जिले में 250 ब्रीडिंग चेकर की टीम फील्ड में उतारी गई है। उन्होंने बताया कि 175 लोग दिहाड़ी पर रखे गए हैं जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के सपोर्टिंग स्टाफ को भी इस टीम में शामिल किया गया है। कुल मिलाकर 250 लोग एक साथ फील्ड में उतारे गए हैं, जो घर-घर जाकर मच्छर जनित परिस्थितियों की जांच करेंगे, उन्हें नष्ट कराएंगे और लोगों को जागरूक करेंगे।
    जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डा. आरके गुप्ता के नेतृत्व में ब्रीडिंग चेकर टीम को सीएमओ कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। डीएसओ ने बताया कि टीम के सदस्यों को एक फॉर्मेट भरने के बारे में बताया गया है, साथ ही यह बताया गया है कि किसी भी घर में जाने पर मुखिया से किस तरह बात करनी और उसका मोबाइल नंबर भी लेना है, ताकि सीएमओ कार्यालय से टीम का फीडबैक भी लिया जा सके। टीम को बताया गया है कि हर घर में जाकर कूलर अवश्य चेक करें। फूलदान और गमलों को चेक करें। कूलर में यदि पानी है तो उसे अपने सामने साफ कराएं। कूलर यदि सूखे होंगे तो डेंगू का संक्रमण फैलाने वाले एडीज मच्छर ब्रीडिंग नहीं कर पाएंगे और डेंगू के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सकेगा। आईडीएसपी पर तैनात लैब टेक्निशियन अभिनव ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि टीम के सदस्य घर में जाकर लार्वा कैसे चेक करें। इसके लिए कूलर, एसी, फ्रिज चेक करने जरूरी हैं, यही वह जगह हैं जहां एडीज मच्छर का लार्वा पैदा होता है। दरअसल यह मच्छर साफ और रुके हुए पानी में ही ब्रीडिंग करता है। प्रशिक्षण के दौरान यह बताया गया कि सर्वे कैसे करना है।
    स्वास्थ्य विभाग की टीम को सहयोग करें : जिलाधिकारी
    जिले में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं, इसलिए स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों ने संचारी रोगों पर काबू करने के लिए मॉनिटरिंग बढ़ा दी है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा है कि इस कार्य में आरडब्ल्यूए और ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य स्वास्थ्य विभाग की मदद करें। खासकर शहरी क्षेत्र में सोसायटीज के अंदर व्यापक सहयोग की जरूरत होती है। लार्वा की चेकिंग, स्प्रे और फॉगिंग टीम को सहयोग प्रदान किया जाए। डीएम ने कहा कि जागरूक बनें, संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताई जा रही बातों का पालन करें। साफ-सफाई का ध्यान रखें और अपने घर के आसपास जलजमाव न होने दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button