राष्ट्रीयलेटेस्टस्लाइडर

द्रोपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के लिए दाखिल किया नामांकन

  • नामांकन के समय पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह रहे मौजूद
    नई दिल्ली।
    राष्ट्रपति पद के लिए शुक्रवार को एनडीए की उम्मीदवार के रूप में द्रौपदी मुर्मू अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा हैं। झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह के अलावा बीजू जनता दल और वाईएसआर कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे। द्रौपदी मुर्मू ने 4 सेटों में अपना नामांकन दाखिल किया है। द्रौपदी मुर्मू की राष्ट्रपति उम्मीदवारी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, ललन सिंह, पशुपति पारस, रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद प्रस्तावक रहे। नामांकन दाखिल करने से पहले मुर्मू ने संसद में महात्मा गांधी, डॉ अंबेडकर और बिरसा मुंडा की मूर्तियों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। ध्यान रहे कि 29 जून को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है।
    बताया जा रहा है कि नामांकन के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित प्रमुख विपक्षी नेताओं को फोन कर समर्थन मांगा है। नामांकन से पहले भी व्यक्तिगत रूप से सभी से बात की और समर्थन मांगा।
    गुरुवार को द्रौपदी मुर्मू पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के घर पर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नामांकन के लिए प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर नॉमिनेशन पेपर पर हस्ताक्षर किए गए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने ऐलान किया था कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी। मुख्यमंत्री जगन का मानना है कि मुर्मू का समर्थन करना एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधित्व पर हमेशा जोर देने की उनकी विचारधारा के अनुरूप है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button