राज्यलेटेस्टस्लाइडर

यूपी विकास के पथ पर चलकर देश की आर्थिक ताकत बनेगा: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधान सभा क्षेत्र मछलीशहर की 787 लाख रुपए की 36 परियोजनाओं, मुंगराबादशाहपुर की 1,039 लाख रुपए की 37 परियोजनाओं एवं बदलापुर की 697 लाख रुपए की 42 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस प्रकार उनके द्वारा जनपद जौनपुर की कुल 115 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र मछलीशहर की 3,877 लाख रुपए की 11 परियोजनाओं, मुंगराबादशाहपुर की 4,449 लाख रुपए की 11 परियोजनाओं एवं बदलापुर की 8,091 लाख रुपए की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इस प्रकार उन्होंने कुल 44 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किये गये। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थी शामिल थे। उन्होंने दैवीय आपदा से प्रभावित को अनुग्रह राशि स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सरकार गरीबों को आवास, शौचालय, विद्युत, आरोग्य योजना के तहत गोल्डन कार्ड तथा नि:शुल्क राशन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही जनपद में उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा का लाभ जनपदवासियों को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जौनपुर की इमरती एवं इत्र की खुशबू को दुनिया में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश की सरकारों द्वारा सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास के मूल मंत्र के आधार पर कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। देश अब एक भारत श्रेष्ठ भारत बनने की तरफ अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में रोज नए कीर्तिमान बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार होने के कारण प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। प्रदेश की महिलाएं तथा अन्य सभी वर्ग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रदेश में सुशासन का राज है। राज्य सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश को देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बनाने की कार्यवाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर चलकर देश की आर्थिक ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुंगराबादशाहपुर में स्थित सीएचसी के साथ-साथ जनपद के सभी सीएचसी एवं पीएचसी का विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम को खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद जौनपुर के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी,आवास एवं शहरी नियोजन राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button