एन.एस.एस. इकाई के स्वयंसेवकों ने मलिन बस्तियों के बच्चों को पढ़ाया साक्षरता का पाठ

मोहन नगर स्थित आई.टी.एस. (स्नातक परिसर) की एन.एस.एस. इकाई द्वारा सात दिवसीय शिविर के पाँचवें दिन कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित शर्मा के नेतृत्व में किया गया। स्वयंसेवकों द्वारा वसुंधरा सेक्टर-6 के आसपास की मलिन बस्तियों में आर्थिक रूप से पिछड़े एवं गरीब बच्चों के लिए सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत खेल-खेल में मनोरंजक तरीकों से शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया। प्रायः देखा जाता है कि युवाओं को गाँव एवं मलिन बस्तियों की समस्याओं की जानकारी नहीं होती। एन.एस.एस. शिविर के माध्यम से छात्रों की मानसिक चेतना को जागृत करने तथा गाँव और मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों के साथ संपर्क स्थापित कर उन्हें जीवन की वास्तविकताओं से अवगत कराया गया, जिससे उनकी सामाजिक सोच में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।आई.टी.एस. की प्राचार्या डॉ. नैंसी शर्मा (स्नातक परिसर) ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को सदैव स्वयं से ऊपर रखना चाहिए। छात्रों का पहला कर्तव्य केवल अध्ययन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें समाज सेवा के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए, क्योंकि यही राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. अमित शर्मा, विकास त्यागी, डॉ. संदीप गर्ग, प्रो. विकास कुमार, प्रो. आदिल खान, डॉ. अनुभा श्रीवास्तव, डॉ. नीरज कुमार जैन, प्रो. प्रशांत त्यागी सहित बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रमों के लगभग 100 छात्रों ने सहभागिता की।


