राज्यस्लाइडर

प्रदेश का वर्तमान राजकीय चिन्ह पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की देन: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयन्ती के अवसर पर यहां लोक भवन परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरान्त उन्होंने लोक भवन में आयोजित पंडित गोविन्द बल्लभ पंत पर केन्द्रित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव एवं चौरी-चौरा शताब्दी समारोह की श्रृंखला में यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन के माध्यम से देश के स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को जीवंत बनाने की एक नई पहल प्रधानमंत्री जी द्वारा की गयी है। पं. गोविन्द बल्लभ पंत एक प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी थे।
उन्होंने कहा कि पंत जी ने प्रदेश को देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बनाने का जो बीड़ा उठाया और उसे वहां पर ले गये, उसी पर चलते हुए विगत चार वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश देश की दूसरी अर्थव्यवस्था बन गया है। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था आज पूरे देश में एक नजीर प्रस्तुत कर रही है। प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर व विकास के अन्य क्षेत्रों में जो कार्य हो रहा है वह आने वाले दिनों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम को पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी ने संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने ओज एवं वीरता से पूर्ण आजादी से सम्बन्धित विद्यार्थियों की काव्य लेखन प्रतियोगिता एवं जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश: 25 हजार, 11 हजार, 5 हजार रुपए एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव सचिवालय प्रशासन हेमंत राव, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल सहित शासन प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button