

- फर्जी विज्ञापन कर्ताओं पर सख्त कार्यवाही के निर्देश
गाजियाबाद। नगर निगम सीमा अंतर्गत प्रचार प्रसार हेतु लगने वाले विज्ञापन होर्डिंग पर निगम की कार्यवाही तेज कर दी गई है। अवैध रूप से लगे विज्ञापन होर्डिंग को हटाने का कार्य भी लगातार चल रहा है। अवैध होर्डिंग पर विज्ञापन चला रहे फर्जी विज्ञापन कर्ताओं के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश नगर आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारी को दिए गए हैं जिस के क्रम में शहर के पांचों जोनों में लगातार अभियान भी चल रहा है जिसमें जोनल प्रभारियों का विशेष कार्य दिखाई दे रहा है ट्रैफिक व्यवस्था के दृष्टिगत रात्रि में भी कार्य कराया जा रहा है।
नगर आयुक्त डा. नितिन गौड़ का कहना है कि गाजियाबाद नगर निगम सीमा अंतर्गत कहीं भी अवैध रूप से फर्जी विज्ञापन कर्ताओं के द्वारा यदि विज्ञापन होता दिखाई देता है और शिकायत प्राप्त होती है तो उन पर कड़ी कार्यवाही की जाए। नगरायुक्त ने एफआईआर कराने के भी निर्देश दिए हैं। नगर निगम द्वारा नियम विरुद्ध लग रहे विज्ञापन पट भी हटाए जा रहे हैं। विज्ञापन प्रभारी संजीव सिन्हा द्वारा बताया गया कि नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार तिगड़ी रोड, सम्राट चौक, पुलिस स्टेशन विजयनगर, प्रताप विहार, मेरठ फ्लाईओवर, मुखर्जी पार्क, डायमंड एटीएस रेड लाइट, भोपुरा पसोंडा तथा अन्य स्थानों से कई अवैध विज्ञापन होर्डिंग स्ट्रक्चर को हटाया गया है आगे भी लगातार कार्यवाही जारी है संबंधित के विरुद्ध नोटिस भी जारी हो चुके हैं। इस प्रकार गाजियाबाद नगर निगम द्वारा अवैध रूप से चल रहे विज्ञापन के व्यापार पर रोक लगाई गई है। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा अवैध प्रचार प्रसार की कार्यवाही पर रोक लगाने का कार्य जोरों से चल रहा है, जिसमें महापौर आशा शर्मा तथा नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में अधिकारी कार्य कर रहे हैं।



