लेटेस्टशहर

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की हुई मासिक बैठक

  • वृक्षारोपण: सम्बंधित अधिकारी शीघ्र पूर्ण करें जियो टैगिंग का कार्य: जिलाधिकारी श्री इन्द्र विक्रम सिंह
  • सम्बंधित अधिकारी आगामी बैठक में हिंडन नदी को प्रदूषित करने वालों एवं उन पर की गई कार्यवाही की रिपोर्ट करें प्रस्तुत
  • हिण्डन को प्रदूषण मुक्त बनाना है इसके लिए हर सम्भव प्रयास करें
    गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की मासिक बैठक आहूत हुई। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद द्वारा वृक्षारोपण जन अभियान वर्ष 2024 के अन्तर्गत कराये गये कार्यों से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। समिति के अध्यक्ष द्वारा सभी कार्यदायी विभागों को वृक्षारोपण स्थलों की सफलता पूर्वक शत-प्रतिशत जिओ टैगिंग शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
    जिलाधिकारी ने जिला परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि हिंडन नदी पुनरूद्वार एवं नदी जल संरक्षण की जन जागरूकता हेतु अन्य विभागों एवं गणमान्यों के सहयोग से एक कार्य परियोजना तैयार कर आगामी माह की बैठक में प्रस्तुत करेंगे। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया गया कि वह जनरल मैनेजर जलकल विभाग नगर निगम से सम्बन्ध स्थापित करके जितने भी नाले है उनका विवरण एवं टैप्ड करने की कार्ययोजना बनाकर आगामी बैठक मे प्रस्तुत करेंगे। जनपद में क्रियाशील एसटीपी की मैपिंग करायी जाये जिसमें उनके अन्तर्गत आने वाले क्षेत्र भली-भांति प्रदर्शित हो। बैठक में क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया गया कि उनके विभाग द्वारा हिंडन नदी में औद्योगिक उत्प्रवाह करने वाली औद्योगिक इकाइयों पर की गयी कार्यवाही की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रभागीय निदेशक कार्यालय को सौंपी जाए। हमें हिंडन को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास करना है।
    बैठक में जिला पर्यावरण समिति से सम्बंधित समीर एप पर लम्बित शिकायतों का सम्बन्धित विभागों द्वारा शीघ्र अतिशीघ्र निस्तारण किये जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में डस्ट कंन्ट्रोल एप पर अधिक से अधिक निर्माण इकाईयों का पंजीकरण कराये जाने तथा दिये गये निर्देशों की अवमानना करने वाली इकाइयों पर उनके विभाग द्वारा की गयी कार्यवाही का ब्यौरा आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। पर्यावरण से सम्बंधित अन्य मुद्दों जैसे सिंगल यूज प्लास्टिक, सड़कों के साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, खुले में कूड़ा तथा जनपद में जगह-जगह कूड़ा निस्तारण हेतु किये जा रहे कार्यों आदि के बारे मे भी चर्चा की गयी। जिलाधिकारी ने गाजियाबाद की जनता से अपील की है कि जनपद को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग प्रदान करे। बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद, उप प्रभागीय वनाधिकारी सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों तथा नामित सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button