गाजियाबाद

केआईईटी स्मार्ट इंडिया हैकथॉन सॉफ्टवेयर संस्करण के ग्रैंड फिनाले की करेगा मेजबानी

  • 8 दिसंबर को पीएम मोदी वर्चुअल तरीके से करेंगे शुभारंभ
  • 68766 टीमों को 2587 पंजीकृत उच्व शिक्षा संस्थानों द्वारा 54 मंत्रालयों की ओर से 271 समस्या वक्तव्यों के लिए नामांकित किया गया

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर, गाजियाबाद के मानद विश्वविद्यालय केआईईटी स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (सॉफ्टवेयर संस्करण) के 8वें ग्रैंड फिनाले की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह कार्यक्रम 8 और 9 दिसंबर 2025 को आयोजित होगा, जिसमें काईट को दिल्ली-एनसीआर के आधिकारिक नोडल सेंटर के रूप में चुना गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेरित युवा-नेतृत्व विकास की भावना से जुड़ा यह आयोजन, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की एक राष्ट्रीय पहल है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सरकार, मंत्रालयों, विभागों, उद्योगों और अन्य संगठनों की महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान प्रदान करने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। इसका संयुक्त आयोजन शिक्षा मंत्रालय, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, शिक्षा मंत्रालय की इनोवेशन सेल, एसबीआई फाउंडेशन और आई4सी द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में क्लाउड टेक्नोलॉजी पार्टनर है, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और परसिस्टेंट नॉलेज पार्टनर्स हैं एवं डीडी न्यूज और आकाशवाणी मीडिया पार्टनर हैं।
इस वर्ष, कुल 68,766 टीमों को 2,587 पंजीकृत उच्च शिक्षा संस्थानों द्वारा 54 मंत्रालयों/उद्योगों/विभागों/पीएसयूएस/राज्य विभागों की ओर से साझा किए गए 271 समस्या वक्तव्यों के लिए नामांकित किया गया है। इसमें सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों संस्करण शामिल हैं। सॉफ्टवेयर संस्करण के दो दिवसीय ग्रैंड फिनाले के लिए, 37 संगठनों एवं मंत्रालयों ने 18 विभिन्न थीम के अंतर्गत 191 समस्या वक्तव्य साझा किए हैं। थीम में शामिल हैं—स्मार्ट रिसोर्स कंजर्वेशन, स्मार्ट एजुकेशन, आपदा प्रबंधन, ब्लॉकचेन व साइबर सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, ट्रैवल एंड टूरिज्म, क्लीन एंड ग्रीन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स व ड्रोन, ट्रांसपोर्टेशन एंड लॉजिस्टिक्स, स्मार्ट व्हीकल्स, कृषि व ग्रामीण विकास, मेडटेक/हेल्थटेक, हेरिटेज एंड कल्चर, फिटनेस एंड स्पोर्ट्स, स्मार्ट आॅटोमेशन, टॉयज एंड गेम्स, और स्पेस टेक्नोलॉजी।
देशभर में कुल 60 नोडल केंद्रों पर यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, जिनमें काईट एक प्रमुख केंद्र है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और ओडिशा जैसे राज्यों से टीमें यहां भाग लेने के लिए चयनित हुई हैं। ये टीमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और गृह मंत्रालय द्वारा साझा किए गए 5 समस्या वक्तव्यों पर क्लीन एंड ग्रीन टेक्नोलॉजी और स्मार्ट आॅटोमेशन थीम के अंतर्गत कार्य करेंगी। कार्यक्रम के संबंध में विश्वविद्यालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि हम एसआईएच के लिए इस वर्ष भी नोडल सेंटर बनने पर स्वयं को सौभाग्यशाली और गौरवान्वित महसूस करते हैं। एसआईएच 2024 में हमने हार्डवेयर संस्करण के लिए अपने कैंपस में 46 टीमों की मेजबानी की थी, और इस वर्ष हम सॉफ्टवेयर संस्करण के लिए देशभर से आई 26 टीमों का स्वागत करेंगे। प्रतिभागियों को पूरे प्रवास के दौरान उनके नवाचार कार्य के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ और अनुकूल वातावरण प्रदान किया जाएगा। उन्हें घर जैसा महसूस कराने और तनावमुक्त रखने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और जुम्बा भी आयोजित किए जाएंगे। हम सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हैं और उत्साहित हैं कि ये युवा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवा-नेतृत्व विकास की दृष्टि के अनुरूप, नवीन समाधान प्रस्तुत करेंगे। डॉ. आदेश कुमार पांडे, निदेशक अकादमिक्स, ने इस आयोजन के व्यापक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा स्मार्ट इंडिया हैकथॉन केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह एक राष्ट्रीय आंदोलन है जो युवाओं को नवाचार के लिए प्रेरित करता है और वास्तविक समस्याओं के समाधान में योगदान देता है। यह आलोचनात्मक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देता है। काईट इस नवाचार-उन्मुख मानसिकता को विकसित करने और युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर गर्व महसूस करता है। टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर – काईट के महाप्रबंधक सौरव कुमार, तथा अनुसंधान एवं विकास के डीन डॉ. विभव सचान भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपस्थित रहे और विश्वविद्यालय की तैयारियों पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 दिसंबर को इस कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे और पहले दिन प्रतिभागियों को संबोधित भी करेंगे। वहीं, अतुल गर्ग, चांसलर, काईट मानद विश्वविद्यालय एवं सांसद (लोकसभा), काईट में आयोजित स्थानीय उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button