राज्यलेटेस्टस्लाइडर

सीएम योगी से भारत में कनाडा के उच्चायुक्त ने की शिष्टाचार भेंट

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भारत में कनाडा के उच्चायुक्त कैमरॉन मैके ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक, वाणिज्यिक और रणनीतिक सम्बन्धों पर चर्चा के साथ-साथ भारत और कनाडा, विशेषकर कनाडा और उत्तर प्रदेश के मध्य सम्बन्धों को प्रगाढ़ करने के विषय में विचार-विमर्श किया गया।
उत्तर प्रदेश आगमन पर कनाडा के उच्चायुक्त का अभिनन्दन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ जनसंख्या वाला उत्तर प्रदेश भारत में सबसे बड़ी आबादी का प्रदेश है। यह भारत का हृदय स्थल है। यह भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परम्पराओं का स्रोत है। यहां की उर्वर भूमि इस प्रदेश की समृद्धि का मूलाधार है। प्रदेश में असीम सम्भावनाएं हैं। हम भारत में खाद्यान्न उत्पादन में प्रथम स्थान पर हैं। शुगर और एथेनॉल का उत्पादन सर्वाधिक यहीं होता है। विभिन्न सब्जियों और फलों के उत्पादन में हम देश में प्रथम स्थान पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के क्षेत्र में प्रदेश में युवाओं के लिए शानदार अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के कई बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश 5 एक्सप्रेस वे और 9 एयरपोर्ट वाला राज्य है। शीघ्र ही राज्य में 5 नये एयरपोर्ट शुरू होने जा रहे हैं। अतिशीघ्र उत्तर प्रदेश 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला राज्य भी बन जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य में प्रस्तावित नवीन औद्योगिक प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्लास्टिक पार्क, टॉय पार्क, फिल्म सिटी, लॉजिस्टिक पार्क, मेगा लेदर पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे सेक्टर आधारित प्रोजेक्ट को आगे बढ़ा रही है। निवेशकों के लिए यह अच्छा अवसर हो सकता है। प्रदेश में कृषि एग्रो टेक्नोलॉजी, एग्रो लॉजिस्टिक, एग्रो पैकेजिंग के क्षेत्र में नीतिगत प्रयास किये जा रहे हैं। इस क्षेत्र में विकास की असीम सम्भावनाएं है, जिसमें कनाडा हमारा अच्छा सहयोगी बन सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनवरी, 2023 में ह्यउत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर समिटह्ण के आयोजन की तैयारी की जा रही हैं। कनाडा के उद्यमियों के लिए यह एक अच्छा अवसर हो सकता है। दोनों देशों के बीच आर्थिक सम्बन्धों को और मजबूत करने की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण अवसर है। उन्हें उम्मीद है कि कनाडा की ओर से इसके लिए सकारात्मक सहयोग प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उद्योगों के लिये सुरक्षित व शांतिपूर्ण माहौल है। श्रमिकों एवं उद्यमियों के सम्बन्ध भी बेहतर है। कानून व्यवस्था की कोई समस्या नही है। ईज आॅफ डूइंग बिजनेस की प्रभावी व्यवस्था है। राज्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कृषि, बागवानी, सड़क, हवाई एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन आदि के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया जा रहा है।
उच्चायुक्त मैके ने मुख्यमंत्री से पर्यटन, कृषि, जल, विद्युत एवं सौर ऊर्जा तथा शैक्षणिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में सहयोग की सम्भावनाओं पर चर्चा की। प्रदेश के सम्बन्ध में अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होनें कहा कि उत्तर प्रदेश आज इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के क्षेत्र में जिस तरह तरक्की कर रहा है, वह शानदार है। नई दिल्ली में रहते हुए मीडिया के माध्यम से प्रदेश के बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की जानकारी उन्हें मिलती रहती है। एक्सप्रेस-वे निर्माण के क्षेत्र में प्रदेश की कार्यप्रणाली सराहनीय है। उच्चायुक्त ने कहा कि कनाडा और भारत के बीच तकनीक और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ाया जाना चाहिए। कनाडा, भारत के साथ बेहतर ट्रेड सम्बन्धों को मजबूती देने के लिए प्रयासरत है। उत्तर प्रदेश इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान कर सकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन की दिशा में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों, विशेषकर ह्यमिशन शक्तिह्ण को प्रभावशाली बताते हुए महिला उद्यमिता के प्रोत्साहन की नीतियों की सराहना की।
उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए उच्चायुक्त मैके ने विगत पांच वर्षों में राज्य में पुलिस के आधुनिकीकरण और सुदृ़ढ़ीकरण के क्षेत्र में मुख्यमंत्री की नीतियों और क्रियान्वयन को अत्यंत उपयोगी बताया। जनवरी-फरवरी 2023 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की चर्चा करते हुए उच्चायुक्त मैके ने इस आयोजन को कनाडा के निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर बताया। प्रदेश की औद्योगिक नीति को निवेशकों के लिए उत्साहवर्धक बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में सहयोग के लिए कनाडा उत्सुक है। भारत के शैक्षिक परिदृश्य की चर्चा करते हुए उच्चायुक्त ने भारत में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निवेश की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ काम करना उनके लिए निजी तौर पर उत्साहजनक होगा।
कनाडा के उच्चायुक्त ने प्रदेश में डिफेंस, एयरोस्पेस, टेक्सटाइल, पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवेलपमेंट के क्षेत्र को अपार सम्भावनाओं से परिपूर्ण बताते हुए, इन क्षेत्रों में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री जी के समक्ष अपने विचार भी रखे।
भेंट के दौरान कनाडा के उच्चायुक्त ने मुख्यमंत्री को भारतीय जूट से तैयार एक सुंदर बैग भेंट किया। बैग पर कनाडा का राष्ट्रीय चिन्ह मैपल लीफ प्रदर्शित था। उच्चायुक्त ने उन्हें अवगत कराया कि यह बैग भारत में ही तैयार हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button