लेटेस्टशहरस्वास्थ्य

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी मिलेगा आयुष्मान भारत योजना का लाभ

–          जनपद में उज्ज्वला योजना के तहत हैं 2215 लाभार्थी परिवार : नोडल अधिकारी

–          ई-श्रम कार्ड धारक और अंत्योदय कार्ड धारक पहले हो चुके हैं शामिल

गाजियाबाद। ई-श्रम कार्ड धारकों और अंत्योदय कार्ड धारकों के बाद सरकार ने अब उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने का निर्णय लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. भवतोष शंखधर ने बताया – अब उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को भी योजना के तहत हर वर्ष पांच लाख रुपए तक का निशुल्क उपचार प्रदान किया जाएगा। यह सुविधा सरकारी और निजी चिकित्सालयों समेत योजना से आबद्ध जनपद के 38 चिकित्सालय में उपलब्ध होगी। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए लाभार्थी परिवार के हर सदस्य को जन सुविधा केंद्र से निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाना होगा।

आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एसीएमओ डा. सुनील त्यागी ने बताया आयुष्मान भारत योजना के 1.66 लाख लाभार्थी परिवार पहले से ही हैं। शासन से मिली नई गाइड लाइन के मुताबिक इनमें उज्ज्वला योजना के 2215 लाभार्थी परिवारों को और जोड़ा गया है। बता दें कि उज्ज्वला योजना के तहत आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से कमजोर परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन मय सिलेंडर उपलब्ध कराए गए थे। इन परिवारों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल करने के बाद जनपद में योजना का दायरा और बढ़ जाएगा और पांच लाख रुपए तक के निशुल्क उपचार की सुविधा इन परिवारों को भी मिल सकेगी।

आयुष्मान भारत योजना के जिला शिकायत प्रकोष्ठ के प्रबंधक सोनू प्रकाश ने बताया इससे पहले जनपद के साढ़े आठ हजार अंत्योदय कार्ड धारकों और 12500 हजार ई-श्रम कार्ड धारकों को भी योजना में शामिल किया गया था। लाभा‌र्थियों की बात करें तो अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों के कुल 32589 लाभार्थी हैं, इनमें से करीब 16 हजार लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड भी बनवा चुके हैं।

एक सप्ताह बढ़ाया गया आयुष्मान पखवाड़ा :

आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी ने बताया जनपद में 4 मई से तक आयुष्मान पखवाड़े के तहत विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, शासन से 18 मई तक आयुष्मान पखवाड़ा का आयोजन करने के निर्देश हैं लेकिन स्थानीय स्तर पर यह पखवाड़ा 24 मई तक चलाया जाएगा। डा. सुनील त्यागी ने अपील की है कि अब तक आयुष्मान कार्ड से वंचित लाभार्थी हर हाल में जन सुविधा केंद्र से अपना कार्ड बनवा लें। इसके लिए वह अपना आधार कार्ड और राशन कार्ड साथ लेकर जाएं। आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा सरकार की ओर से पूरी तरह निशुल्क है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button