राज्यलेटेस्टस्लाइडरस्वास्थ्य

यूपी में कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्था को रखा जाए प्रभावी ढंग से: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्रभावी रणनीति और निरन्तर प्रयासों से राज्य में कोरोना संक्रमण नियंत्रित स्थिति में है। कोरोना संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। उन्होंने कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 28 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 34 व्यक्तियों को सफल उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोविड के एक्टिव मामलों की संख्या 352 है। जनपद अलीगढ़, औरैया, बदायूं, देवरिया, फरुखाबाद, फतेहपुर, गोंडा, हमीरपुर, हरदोई, कानपुर देहात, महोबा, मीरजापुर, सन्तकबीरनगर तथा उन्नाव में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 1,56,524 कोरोना टेस्ट किये गए। अब तक राज्य में 07 करोड़ 08 लाख 85 हजार 900 कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कोविड वैक्सीनेशन कार्य को पूरी सक्रियता से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संक्रमण को नियंत्रित करने में कोविड वैक्सीनेशन एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन की पहली डोज ले चुके सभी लोग समय पर दूसरी डोज भी अवश्य लें। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाए। बैठक में अवगत कराया गया कि अब तक प्रदेश में कुल 6 करोड़ 42 लाख 27 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबन्ध किये जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से पीकू तथा नीकू की स्थापना तेजी से की जाए। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि मेडिकल कॉलेजों में 6,600 से अधिक पीडियाट्रिक आईसीयू तथा आईसोलेशन बेड की व्यवस्था की जा चुकी है। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में 5,850 बेड तैयार किये गये हैं। उन्हें यह भी अवगत कराया गया कि कोविड की जरूरतों के अनुरूप वर्तमान में 56 हजार आइसोलेशन बेड और 18 हजार आईसीयू बेड उपलब्ध हैं। प्रदेश में अब तक स्वीकृत 555 आॅक्सीजन संयंत्रों में से 336 आॅक्सीजन संयंत्र क्रियाशील हो गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद मथुरा के विकास खंड फरह के एक ग्राम में तथा जनपद फिरोजाबाद के नगरीय क्षेत्र से कई लोगों के बीमार होने की सूचनाएं मिली हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों जनपदों में तत्काल एक-एक टीम भेजकर मरीजों की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के निदान के लिए सभी जरूरी प्रबन्ध किये जाएं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग का कार्य प्रभावी ढंग से जारी रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों में भौतिक रूप से पठन-पाठन प्रारम्भ हो रहा है। बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाएं। विद्यालयों में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, इन्फ्रारेड थर्मामीटर आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कक्षाओं में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क की अनिवार्यता को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दृष्टिगत नदियों के जल स्तर की लगातार मॉनीटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा आपदा प्रबन्धन की टीमों को पूरी तरह से सक्रिय रखा जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button