
– पहली तिमाही में ही लक्ष्य के 60 फीसदी गर्भनिरोधक इंजेक्शन अपनाए गए
– जनपद में 3500 के लक्ष्य के सापेक्ष जुलाई तक ही 2113 अंतरा लगाए गए
हापुड़। शासन की ओर से जनपद को वर्ष 2021-22 के लिए परिवार नियोजन कार्यक्रम का लक्ष्य भेज दिया गया है। अप्रैल, 2021 से मार्च 2022 तक जनपद में परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों में 6000 आईयूसीडी और 6000 पीपीआईयूसीडी के अलावा 3500 अंतरा लगाने का लक्ष्य दिया गया है। अंतरा तिमाही गर्भ निरोधक इंजेक्शन है। यानि अनचाहे गर्भ से बचने के लिए महिलाओं को हर तीन माह में एक बार ही यह इंजेक्शन लगवाना होता है, इसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता। यही कारण है कि अस्थाई परिवार नियोजन के साधनों में अंतरा महिलाओं की पहली पसंद बन गया है। इस वर्ष जनपद को शासन से 56000 माला-एन, 4100 छाया गर्भनिरोधक गोलियों और 5.55 लाख कंडोम के वितरण का भी लक्ष्य दिया गया है।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डा. प्रवीण शर्मा ने बताया हर माह की 21 तारीख को जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर परिवार नियोजन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी के साथ ही परिवार नियोजन के साधन निशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अलावा समय-समय पर अन्य कार्यक्रमों के जरिए यह बताया जाता है कि परिवार नियोजन कार्यक्रम क्यों जरूरी है। डा. शर्मा ने बताया लक्ष्य के सापेक्ष वर्ष की पहली तिमाही में अंतरा गर्भ निरोधक इंजेक्शन का 60 फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। शासन से वर्ष 2021-22 के लिए जनपद में कुल 3500 अंतरा लगाने का लक्ष्य दिया गया है, एक अप्रैल से 20 जुलाई, 2021 तक ही जनपद में 2113 गर्भ निरोधक इंजेक्शन लगाए जा चुके हैं।
जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ ने बताया अस्थाई गर्भ निरोधक के साधन के रूप में पहली तिमाही में 2346 महिलाओं ने आईयूसीडी लगवाई है, जो इस वर्ष के लक्ष्य का 39 फीसदी है। इसी प्रकार 1258 महिलाओं को पीपीआईयूसीडी लगाकर लक्ष्य का 21 फीसदी पहली तिमाही में ही हासिल कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार परिवार नियोजन को लेकर काउंसलिंग की जा रही है। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी दे रही हैं और हर माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस के मौके पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने को प्रोत्साहित कर रही हैं



