गाजियाबाद

आईटीएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी में एलुमनाई ने छात्रों को बताए सफलता के सूत्र व साझा किए करियर के अनुभव

गाजियाबाद; आईटीएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मुरादनगर में एलुमनी लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ आईटीएस-दी एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डाॅ. आरपी चढ्डा, वाईस चेयरमैन अर्पित चढ्डा, संस्थान के निदेशक डाॅ. एस सदीश कुमार एवं मुख्य अतिथि दीप नारायण, सीनियर साइंस एंड इनोवेशन ऑफिसर, ब्रिटिश हाई कमीशन, इंडिया ने सरस्वती माँ के समक्ष दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ किया।
संस्थान में आयोजित एलुमनी लेक्चर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व छात्र बैच (2009-13) दीप नारायण, जो वर्तमान में ब्रिटिश हाई कमीशन, भारत में सीनियर साइंस एंड इनोवेशन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं, ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन की सफलता की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्पष्ट योजना, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास बहुत आवश्यक होते हैं। दीप नारायण ने अपने अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह भी बताया कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास और संचार कौशल का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों को अपने कौशल को निरंतर विकसित करने और नए अवसरों के लिए स्वयं को तैयार रखने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से तय करें, सही योजना बनाएं और पूरे समर्पण के साथ प्रयास करें, तो सफलता अवश्य प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका दीप नारायण ने विस्तार से उत्तर दिया। उनका यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और मार्गदर्शक साबित हुआ।
इस कार्यक्रम के दौरान डाॅ. आरपी चढ्डा, चेयरमैन, आई0 टी0 एस-दी एजुकेशन ग्रुप ने अतिथिगण, शिक्षकगण व उपस्थित विद्यार्थियों का एलुमनी लेक्चर के अवसर पर हृदय से अभिनंदन किया एवं कहा कि आज का दिन हमारे संस्थान के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का अवसर है क्योकि एलुमनी लेक्चर केवल एक कार्यक्रम नहीं होता, बल्कि यह हमारे अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने वाला एक मजबूत पुल है। जब हमारे पूर्व छात्र इस मंच पर आते हैं, तो वे केवल अपनी सफलता की कहानी ही नहीं बताते, बल्कि हमारे वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनते हैं।
इस अवसर पर अर्पित चढ्डा, वाईस चेयरमैन, आई0 टी0 एस-दी एजूकेशन ग्रुप ने कहा कि हमारा संस्थान हमेशा इस विश्वास के साथ आगे बढ़ता है कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती। वास्तविक शिक्षा तब पूरी होती है जब अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों से सीखने का अवसर मिलता है। हमारे एलुमनी इसी अनुभव और वास्तविक दुनिया की सीख को हमारे विद्यार्थियों तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। मुझे यह देखकर अत्यंत खुशी होती है कि हमारे संस्थान के छात्र आज देश और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां हमारे लिए गर्व का विषय हैं और यह हमारे संस्थान की शिक्षा और मूल्यों की सच्ची पहचान भी है।
कार्यक्रम में आगे संस्थान के निदेशक डाॅ. एस सदीश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे प्रिय विद्यार्थियों आज आपको अपने सीनियर्स से सीखने का सुनहरा अवसर मिला है। उनकी बातों को ध्यान से सुनें, उनसे प्रेरणा लें और अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आज का यह कार्यक्रम आपके लिए नई ऊर्जा, नई सोच और नए सपनों को जन्म देगा। इस कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गण डाॅ सागरिका माझी, मिस साक्षी चौहान व मि. मनीष कुमार ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button