
- छात्रवृत्ति के आवेदनों की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करायें
- 2 अक्टूबर 2025 को सभी छात्रों को प्राप्त हो सके छात्रवृत्ति
- छात्रों की शिक्षा एवं कम्प्यूटर कोर्स में उत्कृष्ट सुधार लायेंं
- शादी अनुदान योजना का वृहद स्तर पर करें प्रचार—प्रसार, अधिक से अधिक लोगों को मिले लाभ
- गाजियाबाद। जल निगम गेस्ट हाउस, गाजियाबाद में राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मण्डलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आहूत हुई। बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति योजना के बारे में छात्रों को अधिक से अधिक जागरूक करें और आवेदन करायें और समयान्तराल में आवेदन पूर्ण कराने की सभी कार्यवाही को पूर्ण करायें, जिससे 2 अक्टूबर 2025 को सभी छात्रों को छात्रवृत्ति प्राप्त हो सके। राज्यमंत्री ने मण्डल के सभी जिलों को शादी अनुदान योजना (वर्ष—2025—26) में प्राप्त लक्ष्य को शत—प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यह शादी अनुदान योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक हैं, किसी भी गरीब, कमजोर व असहाय व्यक्ति को बच्चों के विवाह कराने सम्बंधित चिन्ता ना हो। इसके लिए लोगों में योजना का अधिक से अधिक प्रचार—प्रसार करायें, जिससे बड़ी संख्या में लोग योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। प्राप्त लक्ष्यों की शत—प्रतिशत पूर्ति हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। राज्यमंत्री ने ”ओ” लेवल एवं सीसीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना में विभागों द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी प्राप्त कर निर्देशित किया कि अधिक से अधिक छात्रों से आवेदन कराते हुए बच्चों की शिक्षा एवं कम्प्यूटर कोर्स में उत्कृष्ट सुधार लायेंं। अब समय डिजिटल युग का है, इसलिए हर छात्र को कम्प्यूटर के ज्ञान में उत्तम होना अनिवार्य है। तभी आज के यही बच्चे भविष्य में भारत देश को विकसित बनाने व बनाये रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। सम्बंधित अधिकारी समय—समय पर सेन्टरों का स्थलीय निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। राज्यमंत्री ने कहा कि जिन जनपदों में छात्रावास नहीं है वे छात्रावास बनवाने हेतु प्रस्ताव लायें, जिससे छात्रों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए अधिक धन खर्च ना करना पड़ें, उन्हें छात्रावास में रहने की सुविधा मुहैया हो सके। बैठक के दौरान उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग मेरठ मण्डल मेरठ द्वारा मन्त्री को अवगत कराया गया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग पेंशन योजनान्तर्गत कुल 55341 को योजना का लाभ दिये जाने के साथ ही 1162 नवीन दिव्यांग पेंशनरों को उक्त योजना से लाभान्वित किये जाने हेतु आवेदन पत्र स्वीकृत किये गये है। शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजनान्तर्गत कुल 14 आवेदन पत्र व दुकान निमार्ण / संचालन योजनान्तर्गत कुल 64 आवेदन पत्र स्वीकृत कराते हुए डाटा निदेशालय को प्रेषित किया जा चुका है। शल्य चिकित्सा अनुदान/कॉक्लियर इम्प्लाट सर्जरी सज योजनान्तर्गत कुल 15 दिव्यांग बच्चों को चिन्हित कर कॉक्लियर इम्प्लाट सर्जरी कराये जाने की कार्यवाही की जा रही है एवं कृत्रिम अंग सहायक उपकरण योजनान्तर्गत कुल 740 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिये जाने हेतु चिन्हित किया गया है। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल योजनान्तर्गत कुल 60 दिव्यांगजनों को उक्त योजना से लाभान्वित कराये जाने हेतु चिन्हांकन कर लिया गया है। मंत्री द्वारा पेंशन प्राप्त कर रहे कुल 55341 दिव्यांगजनों को समयान्तर्गत पेंशन का लाभ दिलाये जाने के निर्देश दिये गये, जनपदों में सहायक उपकरण हेतु चिन्हित दिव्यांगजनों को जैम पोर्टल के माध्यम से उपकरण क्रय करते हुए समयान्तर्गत वितरण कराये जाने के निर्देश दिये गये साथ ही शादी पुरस्कार व कॉक्लियर इम्प्लाट सर्जरी योजनान्तर्गत लक्ष्य पूर्ति किये जाने हेतु उक्त योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कराये जाने के साथ ही दुकान संचालन योजनान्तर्गत समयान्तर्गत लक्ष्य पूर्ति किये जाने के निर्देश दिये जाने के साथ ही बैठक समाप्त की गयी। समीक्षा बैठक में उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग मेरठ मण्डल मेरठ व जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, बुलन्दशहर, गौतमबुद्धनगर व हापुड़ के जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थिति रहे।


