राज्यलेटेस्टस्लाइडर

नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, सीएम योगी ने किए पुरस्कार वितरित

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट-2021 के समापन समारोह में प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण भी वितरित किये। उन्होंने दिव्यांगजन को 175 ट्राईसाइकिल, 30 व्हीलचेयर, 39 कान की मशीन, 31 आईडी किट, 20 ब्रेल किट, 10 स्मार्ट केन, 10 छड़ी, 20 बैसाखी एवं 11 कैलीपर सहित कुल 345 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण दिव्यांगजन को वितरित किए।
बता दें कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर, 2021 तक सेवा और समर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिव्यांगजन में खेल-कूद के प्रोत्साहन हेतु 4 से 7 अक्टूबर, 2021 तक सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में 4 दिवसीय टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट-2021 का आयोजन किया गया था। टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट-2021 तथा दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की हार्दिक बधाई के साथ-साथ विजयादशमी की अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि देशवासियों का सौभाग्य है कि वर्ष 2014 व 2019 में काशी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सांसद के रूप में प्रतिनिधित्व किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि टोक्यो में आयोजित पैरालम्पिक में भारत से 54 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था, जिसमें खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 8 रजत एवं 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते। इन सभी खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री के संकल्प एक भारत, श्रेष्ठ भारत को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार शीघ्र ही उनको सम्मानित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकलांग की जगह दिव्यांग शब्द दिया। विगत 7 वर्ष में देश में दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित करने के अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम पूरे देश में बड़े पैमाने पर आयोजित किये गये।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट-2021 के विजेता साउथ जोन व उपविजेता नॉर्थ जोन को पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी एवं चेक वितरित किए। यह आयोजन आॅल इंडिया क्रिकेट एसोसिएशन फॉर फिजिकली चैलेन्ज्ड, मुम्बई के सौजन्य से किया गया है। इस टूर्नामेंट में एसोसिएशन से अधिकृत 6 राष्ट्रीय स्तर की टीमें-ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ, साउथ, सेन्ट्रल एवं प्रेसिडेन्ट एकादश ने प्रतिभाग किया।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोविड टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ किया तथा 7 कोविड टीका एक्सप्रेस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन व सहयोग से केयर इंडिया की ओर से कोविड टीका एक्सप्रेस चलायी गयी हैं। यह टीका एक्सप्रेस वैन घर-घर जाकर 18 वर्ष से ऊपर के लोगों का कोविड टीकाकरण करेगी। इसके साथ ही, नगर के दो स्थानों में मेगा कोविड टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इन दो निर्धारित कोविड टीकाकरण केन्द्रों पर लोगों की सुविधाओं के दृष्टिगत प्रात: देर रात्रि तक लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इसी प्रकार, जनपद में 20 कोविड टीका एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा। इसमें दो-दो वाहन प्रति विकास खंड एवं नगर क्षेत्र में चार वाहन चलाये जाएंगे। इन टीका एक्सप्रेस वाहनों के माध्यम से दूर-दराज के क्षेत्र एवं शहरी क्षेत्र की मलिन बस्तियों में लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर, पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button