लेटेस्टशहरस्वास्थ्य

जिला प्रशासन की अच्छी पहल: टीबी के उपचाराधीन 1236 बच्चे गोद लिए

  • जिलाधिकारी समेत जिलास्तरीय अधिकारियों ने दो-दो बच्चे लिए गोद
  • भावनात्मक और सामाजिक सहयोग कर बच्चों का हौसला बढ़ाएंगे
  • केमिस्ट एसोसिएशन ने सबसे ज्यादा 493 बच्चों का जिम्मा उठाया
    गाजियाबाद।
    राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आह्वान पर मंगलवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने क्षय रोग से ग्रसित उपचाराधीन दो बच्चों को भावनात्मक और सामाजिक सहयोग के लिए गोद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में पुष्टाहार प्रदान किया। राज्यपाल की ओर से प्रदेश के सभी अधिकारियों व स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की गई है कि वह क्षय रोग से ग्रसित बच्चों को सामाजिक एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान करने के लिए गोद लेने आगे आएं ताकि पीड़ित बच्चों को उपचार की अवधि के दौरान उचित आहार एवं भावनात्मक समर्थन प्राप्त हो सके। इसी क्रम में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भवतोष शंखधर, जिला क्षय रोग अधिकारी डा. आरके यादव समेत जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा जनपद में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं, संगठनों व अधिकारियों द्वारा क्षय रोग ग्रसित 1236 बच्चों को उपचार अवधि तक के लिए गोद लिया गया है।
    जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के अलावा मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ऋतु सुहास, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) यशवर्धन श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (भूअर्जन) श्याम अवध चौहान, नगर मजिस्ट्रेट विपिन कुमार, एसडीएम लोनी व मोदीनगर और तीनों जिला चिकित्सालयों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों और उप जिला क्षय रोग अधिकारी ने टीबी उपचाराधीन दो-दो बच्चे गोद लिए हैं। इसके अलावा केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा 493 बच्चों, रोटरी क्लब द्वारा 474 बच्चों, रेडक्रॉस सोसायटी गाजियाबाद द्वारा 94 बच्चों, व्यापार मंडल के अजय गुप्ता द्वारा 49 बच्चों, आईएमडीटी-लोनी संस्था द्वारा 39 बच्चों, अमान डिस्पेंसरी लोनी द्वारा 25 बच्चों, सतमोला ग्रुप के सीएमडी अनिल मित्तल द्वारा 12 बच्चों व अन्य अधिकारियों द्वारा 50 बच्चों को गोद लिया गया है।
    इस सराहनीय कार्य के लिए जिला क्षय रोग अधिकारी डा. आरके यादव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश को टीबी मुक्त बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूर्ण करने के लिए हम सभी को पूर्ण सामर्थ्य से कार्य करना है। टीबी मुक्त भारत की वचनबद्धता को दोहराते हुए समाज के सभी वर्गों के सहयोग एवं समर्थन की आवश्यकता है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भावतोष शंखधर, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आरके यादव तथा अपर जिला अधिकारी शैलेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button