राज्यलेटेस्ट

27 पिछड़े वर्ग के सांसदों को मंत्री बनाकर भाजपा ने रचा इतिहास: कश्यप

गाजियाबाद। पूर्व सांसद एवं भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने पिछड़े वर्ग के 27 सांसदों को केन्द्रीय मंत्रीमंडल में शामिल कर नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने पिछड़े वर्ग के उत्थान व सम्मान की बात कभी नहीं सोची। भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो पिछड़ों वर्गों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि भारत के पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि पहली बार केन्द्र सरकार में 27 सांसद मंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि देश के 52 प्रतिशत पिछड़े वर्ग के लोगों को पूर्व की सरकारों ने सिर्फ वोट के लिए ही इस्तेमाल किया कभी उन्हें सत्ता में भागेदारी नहीं दी। लेकिन भाजपा सरकार में सत्ता में हिस्सेदारी के साथ ही संवैधानिक अधिकारों को दिलाने का काम मोदी सरकार ने किया है। नवयुग मार्केट में एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में पूर्व सांसद नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि भाजपा का सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत को पूरा किया है, जिसका परिणाम है कि आज देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पिछड़े वर्ग को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के 2022 के चुनाव में पिछड़ा वर्ग भाजपा को जीत दिलाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगा। प्रेस कान्फ्रेंस में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष यशपाल भाटी, महानगर अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा बबल यादव, सौरभ जायसवाल आदि मौजूद रहे। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button