लेटेस्टशहर

घर में रहकर आॅनलाइन मनाएं योग दिवस, कोविड के चलते सामूहिक कार्यक्रमों पर रोक

गाजियाबाद। कोविड-19 के चलते 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आॅनलाइन मनाया जाएगा। इसके लिए मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय की ओर से सूबे के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को गाइडलाइन भेज दी गई है। गाइडलाइन में योग दिवस पर सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन करने की मनाही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनके गुप्ता ने गाइडलाइन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कोविड काल में देखने में आया है कि लगातार योग करने वाले इस बीमारी से अपेक्षाकृत सुरक्षित रहे। इसके अलावा पोस्ट कोविड मामलों में योग काफी उपयोगी है। खासकर प्राणायाम करने से काफी लाभ मिलता है। योग से फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है और कोविड-19 फेफड़ों पर ही वार करने वाली बीमारी है। मिशन निदेशक की ओर से भेजे गए पत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया है कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घर पर रहकर ही मनाया जाएगा। कोविड-19 के चलते इस मौके पर किसी भी प्रकार का सामूहिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। योग दिवस डिजीटल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश मिशन निदेशक की ओर से दिए गए हैं। योग दिवस के प्रचार प्रसार और जन समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया, यू-टयूब, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग घर बैठे योग दिवस के आयोजन में भागीदारी कर सकें। आयुष मंत्रालय की ओर से प्रतिदिन सोशल मीडिया और विभिन्न आॅनलाइन माध्यमों एवं टीवी चैनलों के जरिए योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रसारण किया जा रहा है ताकि लोग घर बैठे योग सीखकर लाभांवित हो सकें। मिशन निदेशक की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मी योग दिवस का प्रचार-प्रचार करते हुए योग के महत्व और आयुष मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारी और सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जन समुदाय को अवगत कराएं।

एक जून से चल रहा आॅनलाइन योग प्रशिक्षण
क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी डा. अशोक राणा ने बताया कि जनपद गाजियाबाद में एक जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के लिए शास्त्रीनगर में योग प्रशिक्षक वंदना मिश्रा और सिहानी में योग प्रशिक्षक गायत्री आॅनलाइन प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं। रोजाना सुबह छह से सात बजे तक और सुबह साढ़े छह से साढ़े सात बजे तक गूगल मीट के जरिए आॅनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम चलता है। दोनों कार्यक्रमों में रोजाना 60-70 लोग जुड़ते हैं। गूगल मीट पर जुड़ने व आयुर्वेद संबंधी परामर्श के लिए क्षेत्रीय नोडल अधिकारी डा. अजय कुमार से मोबाइल नंबर 9211265571 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button