आनन्द मार्ग प्रचारक संघ नोएडा द्वारा ध्यान और योग विषय पर कार्यशाला आयोजित

ग्रेटर नोएडा। आनंद मार्ग प्रचारक संघ, नोएडा द्वारा एक्युरेट कॉलेज आफ फार्मेर्सी, ग्रेटर नोएडा में ध्यान और योग: आंतरिक संतुलन और उत्कृष्टता की ओर एक मार्ग विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कॉलेज के संकाय सदस्यों, स्टाफ तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में ध्यान और योगिक साधना के व्यावहारिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर आचार्य (डॉ.) शुद्धचित्तानंद अवधूत ने बायो-साइकोलॉजी और योग के सिद्धांतों के आधार पर ध्यान के महत्व और उसके विभिन्न लाभों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान एवं योगाभ्यास से व्यक्ति के भीतर आंतरिक संतुलन, मानसिक स्पष्टता, एकाग्रता तथा आत्मविश्वास का विकास होता है, जिससे व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है। कार्यशाला के दौरान अनेक संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने आचार्य (डॉ.) शुद्धचित्तानंद अवधूत से ध्यान की विधि भी सीखी। कार्यक्रम का मंच संचालन फैकल्टी सुश्री जया भाटी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में फैकल्टी श्री मयंक शर्मा, श्री प्रशांत चौधरी तथा डॉ. संजय यादव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज आॅफ फार्मेसी के निदेशक (अकादमिक) डॉ. दर्पण कौशिक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. दर्पण कौशिक तथा वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अजीत किरण कौर द्वारा आचार्य (डॉ.) शुद्धचित्तानंद अवधूत एवं आनंद मार्ग प्रचारक संघ, नोएडा के प्रतिनिधि श्री प्रवीर कुमार को कार्यशाला में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यशाला का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए दैनिक जीवन में शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने के लिए ध्यान एवं योग को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।





