चांदनी चौक के महाराज के नाम से मशहूर 16वें श्री गणेश जन्मोत्सव की विशाल शोभा यात्रा निकली

- शोभा यात्रा और गणेश की मंगल मूर्ति की स्थापना के साथ ही 16वें श्री गणेश जन्मोत्सव की शुरूआत
नई दिल्ली। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर श्री सिद्धिविनायक सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में चांदनी चौक के महाराजा के नाम से मशहूर 16वें श्री गणेश जन्मोत्सव की विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। श्री सिद्धिविनायक सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि विशाल शोभा यात्रा में विशेष झांकियां, आतिशबाजी, हाथी, घोडे बग्गियों के साथ शोभा यात्रा श्री श्याम मंदिर भागीरथ पैलेस से चलकर चांदनी चौक, टाउन हॉल नई सड़क से होती हुई मारवाड़ी सदन पर जाकर समाप्त हुई। श्रद्धालुओं ने पुष्पों की वर्षा कर गणपति बप्पा मोरेया के जयकारों से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। जगह जगह लंगर, भंडारे व ठंडे मीठे जल की छबील लगाई गई थी। शोभा यात्रा और गणेश की मंगल मूर्ति की स्थापना के साथ ही गणेश महोत्सव की शुरूआत हुई। इस अवसर पर रविन्द्र गाडोदिया, पवन कुमार गाडोदिया सुधीर अग्रवाल व अभिषेक शर्मा सहित संस्था के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
सनातन धर्म में किसी भी अच्छे कार्य की शुरूआत करने से पहले भगवान गणेश की आराधना की जाती है। चतुर्थी तिथि के दिन माता पार्वती के लाल गणपति का जन्म हुआ था गणेश चतुर्थी से अलग 10 दिनों तक गणपति उत्सव शुरू हो जाता है। घर घर नुक्कड चैराहों व मंदिरों में बप्पा को विराजमान किया जाता है। चांदनी चौक के जोगीवाडा में मारवाडी सदन में आयोजित गणपति जन्मोत्सव में गणेश जी का दरबार इस साल देशभक्ति पर आधारित आपरेशन सिंदूर थीम पर बनाया गया है। यह दरबार परंपरा व आधुनिकता का संगम प्रस्तुत करता है। पंडाल में आधुनिक एलईडी लाइट्स, हाई टेक साउंड सिस्टम व साज-सज्जा दर्षकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। श्री सिद्धिविनायक सेवा ट्रस्ट के सदस्य पवन गाडोदिया ने बताया कि हर वर्ष एक विशेष थीम पर बप्पा को विराजित किया जाता है। यह ट्रस्ट का 16वां गणेश जन्मोत्सव है। पंडाल में भगवान गणेश के साथ साथ खाटूश्याम व राधा कृष्ण की सुंदर प्रतिमा को भी विराजित किया गया है। रविन्द्र गाडोदिया ने बताया कि दिल्ली में सबसे पहले उनके ट्रस्ट ने गणपति की मिट्टी की प्रतिमा को विराजित किया था।



