पार्षद नीरज गोयल ने नगरायुक्त को लिखा पत्र, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों के कर्मचारियों को किया जाए प्रशिक्षित


गाजियाबाद। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ियों की लापरवाही को लेकर पार्षद नीरज गोयल ने पत्र लिखा। पत्र के माध्यम से नीरज गोयल ने बताया कि वार्ड 88 में प्रत्येक दिन डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए गाड़िया आती हैं। गाड़ी में ड्राइवर के साथ हेल्पर भी होता है वास्तव में हेल्पर का मुख्य कार्य ड्राइवर के सहयोग के साथ साथ गाड़ी में कूड़ा डालने वाले व्यक्ति का सहयोग करना चाहिए। क्षेत्र में यदि कोई बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार या बच्चा है तो वह गाड़ी ऊंची होने के कारण गाड़ी में कूड़ा नहीं डाल पाता, ऐसी स्थिति में गाड़ी में बैठे हेल्पर को नागरिकों का सहयोग करना चाहिए व यदि कोई परिवार अपने घर का कूड़ा घर के बाहर थैले में रख देता है तो उस हेल्पर द्वारा उस थैले को गाड़ी में डालना चाहिए जबकि वास्तव में इसका उल्टा हो रहा है। हेल्पर गाड़ी में बैठा रहता है, गाड़ी से नीचे भी नहीं उतरता है। यदि किसी बिल्डिंग या दुकानदार से उसको निजी स्वार्थ है तो हेल्पर गाड़ी से उतरकर कूड़े को गाड़ी में डलवाता है। मुझे लगता है यह प्रक्रिया वार्ड 88 तक ही सीमित नहीं है। समस्त 100 वार्डों में यही हो रहा है। पार्षद नीरज गोयल ने कहा कि इस कमी को दूर करने के लिए डोर टू डोर की गाड़ियों को संचालित करने वाली कंपनी को आवश्यक निर्देश जारी किये जाने चाहिए।



