लेटेस्टशहर

खोड़ा मकनपुर वासियों को मिलेगा गंगाजल

  • 70 टैंकरों को केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जनरल वीके सिंह ने किया रवाना
    गाजियाबाद। स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जनरल वीके सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र के नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर में 70 नग स्टेनलेस स्टील के वाटर टैंकर द्वारा शुद्ध गंगाजल की आपूर्ति के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह, विधायक साहिबाबाद सुनील शर्मा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ एवं निवर्तमान पालिकाध्यक्ष रीना भाटी ने फीता काटकर व हरी झंडी दिखाकर गंगाजल से भरे टैंकरों को रवाना किया। कुल 70 टैंकर जिसमें 35 टैंकर 5000 लीटर और 35 टैंकर 3000 लीटर के शामिल हैं। यह पानी के टैंकर प्रतिदिन जल निगम प्लांट सिद्धार्थ विहार से भरे जाएंगे और खोड़ा में प्रतिदिन प्रति घर दो सौ लीटर गंगाजल दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जनरल वीके सिंह ने कहा कि खोड़ा में पानी की समस्याएं कई बार आ चुकी हैं। इस सम्बंध में हमने कोशिश की कि नोएडा से पानी मिले लेकिन नहीं मिल सका, अधिकारियों के साथ मीटिंग करके भी कई बातें निकलकर सामने आई। इस सभी की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में खोड़ा की यह समस्या समाप्त हो गई है। विधायक सुनील शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में खोड़ा में व्याप्त समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया गया जिसके फलस्वरूप आज खोड़ा की अपनी अलग पहचान है। उन्होंने बताया कि खोड़ा में आने वाले समय में करोड़ों की लागत से कम्पोजिट विद्यालय बनने जा रहे हैं तथा एक बड़ा अस्पताल बनेगा। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने भी अपने विचार रखे तथा खोड़ा के विकास में प्रशासन का भरपूर सहयोग का वादा किया। कर्यक्रम में निवर्तमान चेयरपर्सन रीना भाटी, नगर आयुक्त नितिन गौड़, एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार, एसीएम निखिल चक्रवर्ती, पालिका की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राकेश गुप्ता, खोड़ा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण रावत, खोड़ा के सभी सभासद, नगर निगम एवं नगर पालिका खोड़ा के समस्त अधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button