राज्यलेटेस्टस्लाइडर

मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराएं: योगी

  • खेल विश्वविद्यालय की डिजाइन एवं निर्माण कार्य के लिए विभिन्न तकनीकी संस्थाओं का सहयोग लिया जाए
  • यह विश्वविद्यालय मेरठ के साथ-साथ पूरे उ.प्र. के लिए एक गौरव का प्रतीक होगा
    लखनऊ।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ के निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से मानकों के अनुसार पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसकी डिजाइन एवं निर्माण कार्य के लिए विभिन्न तकनीकी संस्थाओं का सहयोग लिया जाए। इस विश्वविद्यालय का परिसर एक विशिष्ट परिसर होगा, जिससे प्रदेश के युवाओं में खेल के प्रति अभिरुचि बढ़ेगी। यह विश्वविद्यालय मेरठ के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक गौरव का प्रतीक होगा।
    मुख्यमंत्री यहां अपने सरकारी आवास पर मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों के सम्बन्ध में एक ले-आउट का प्रस्तुतिकरण किया गया। उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय की डिजाइन उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और सम्पदा से प्रेरित हो तथा इनमें प्रदेश की कला, संस्कृति और वास्तु विशेषताओं का समावेश किया जाए। इस खेल विश्वविद्यालय में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का विकास किया जाए तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के दृष्टिगत निर्माण कार्यों को सम्पादित किया जाए। यह एक आईकॉनिक प्रोजेक्ट है।
    बता दें कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय लगभग 90 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाला उच्चस्तरीय अत्याधुनिक खेल विश्वविद्यालय होगा। इस विश्वविद्यालय में सभी तरह के ओलम्पिक खेलों जैसे-हॉकी, वॉलीबॉल, ट्रैक एंड फील्ड, शूटिंग रेंज, जैवलिन थ्रो, भारोत्तोलन आदि की अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही, भारत के पारम्परिक खेल जैसे-मलखम्भ, खो-खो आदि जैसे खेलों के प्रोत्साहन के लिए भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। अत्याधुनिक टर्फ मैदानों के साथ ओलम्पिक साइज स्वीमिंग पूल, साइकिलिंग ट्रैक के साथ ही, विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, छात्रों के हॉस्टल एवं प्राध्यापकों व कर्मचारियों के आवास भी निर्मित किए जाएंगे।
    इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त प्रशान्त त्रिवेदी, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव खेलकूद कल्पना अवस्थी, खेल निदेशक आरपी सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button