राज्यलेटेस्टस्लाइडर

लाल जी टंडन हम सबके हृदय में हैं विराजमान: योगी

  • मुख्यमंत्री ने लालजी टंडन कला संस्कृति पुरस्कार व लालजी टंडन सामाजिक सेवा पुरस्कार प्रदान किए
    लखनऊ।
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार एवं मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री स्व. लालजी टंडन की जयन्ती पर उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. टंडन जी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को फलीभूत करने वाले जनप्रिय नेता थे। स्व. टण्डन यद्यपि आज हमारे बीच भौतिक रूप से नहीं हैं, लेकिन वह आज भी अपने कार्यों, साहित्यिक रचनाओं एवं अन्य विविध लोक हितैषी कार्यों द्वारा हम सबके हृदय में विराजमान हैं।
    मुख्यमंत्री स्व. लालजी टंडन के जन्मदिवस पर अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में लालजी टंडन फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित भजन संध्या एवं सम्मान समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्व. टंडन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. लाल जी टंडन लखनऊ के चलते-फिरते इनसाइक्लोपीडिया और पुस्तकालय थे। टंडन की कृति अनकहा लखनऊ से लखनऊ को जानने एवं समझने का अवसर प्राप्त होता है। वे जनसाधारण की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए सर्वसुलभ रहते थे, समाज के सभी वर्गों से उनका आत्मीय सम्बन्ध था।
    उत्तर प्रदेश में दंगा, अराजकता का कोई स्थान नहीं
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में मजबूत कानून व्यवस्था के लिए पूर्णतया प्रतिबद्ध है। प्रदेश में सभी पर्व एवं त्योहार शान्तिपूर्वक एवं सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं। राज्य में दंगा, अराजकता एवं अफवाह के लिए कोई स्थान नहीं है। प्रदेश सरकार अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आगे बढ़ रही है। अपराधियों, माफियाओं एवं गुण्डों से कानून के दायरे में पूरी दृढ़ता से निपट रही है।
    सीएम योगी ने कहा कि तनाव और विवाद किसी समस्या के समाधान नहीं हो सकते। संवाद एवं परस्परता समस्या का समाधान होते हैं। समस्याओं का समाधान मिल-बैठकर होना चाहिए। हमें जीवन में सकारात्मक सोच एवं उम्मीद के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इससे हम अनेक लोगों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। एक भारत, श्रेष्ठ भारत की मजबूती 135 करोड़ भारतवासियों की मजबूती है। आज पूरी दुनिया की नजर देश के नेतृत्व पर है। रूस और यूक्रेन विवाद के समाधान के लिए भारत प्रभावी भूमिका निभा रहा है। पूरी दुनिया को विश्वास है कि भारत अपने विश्व कल्याण, मानवता, सर्वे भवन्तु सुखिन: एवं वसुधैव कुटुम्बकम् के ध्येय से दुनिया को राह दिखाने में अवश्य सफल होगा।
    इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति एससी वर्मा, सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ पद्मश्री डा. मंसूर हसन एवं सुप्रसिद्ध साहित्यकार पद्मश्री डा. विद्याबिन्दु सिंह को लालजी टंडन शिखर सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल एवं सुप्रसिद्ध कार्टूनिस्ट हरिमोहन वाजपेयी माधव को लालजी टंडन कला संस्कृति पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं-उम्मीद, एक कोशिश ऐसी भी, स्वच्छ पर्यावरण प्रोत्साहन आन्दोलन सेना एवं पावर विंग फाउंडेशन को लालजी टंडन सामाजिक सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अलावा, सुप्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा को भी सम्मानित किया।
    कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया। लालजी टंडन फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि विगत 5 वर्षों में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से हटकर उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।
    इस अवसर पर जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख, श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी, महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, पूर्व मंत्री डा. महेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं लालजी टंडन फाउंडेशन के उपाध्यक्ष अतुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
????????????????????????????????????

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button