लेटेस्टशहर

यूथ अवेकनिंग मिशन कोविड हेल्पलाइन से कर रहा लोगों की मदद, सात दिन में 200 डाक्टरों की मदद से तीन हजार से अधिक मरीजों तक पहुंचाई सहायता

आपको भी चाहिए कोई मदद तो कीजिए 9412218957 पर फोन

गाजियाबाद। यूथ अवेकनिंग मिशन फ्री कोविड हेल्पलाइन के जरिये मात्र 7 दिनों में लगभग 200 डॉक्टरों की मदद से पावन चिंतन धारा आश्रम के युवा साधकों ने देशभर में तीन हजार से अधिक मरीजों तक नि:शुल्क सहायता पहुंचाई। डॉ. पवन सिन्हा गुरूजी के सान्निध्य में पावन चिंतन धारा आश्रम द्वारा संचालित यूथ अवेकनिंग मिशन के अंतर्गत देशभर के युवा गत कई वर्षों से नर सेवा ही नारायण सेवा शास्त्रोक्ति को चरितार्थ करते हुए निरंतर देश सेवा में अग्रणी भूमिका निभाते हैं और हर प्रकार से यथासंभव सेवाकार्य समाज हित में करते हैं। गत वर्ष भी जब देश कोरोना महामारी से जूझ रहा था, के समय देश के विभिन्न शहरों-गाँवों में भोजन से लेकर मास्क, सेनेटाईजर और पी.पी.ई किट इत्यादि वितरण का कार्य किया था। आज भी जब, देश इस महामारी के घोर संकट से जूझ रहा है, जिसकी वजह से अनेक लोग डर के कारण तबियत खराब होने पर भी बाहर नहीं निकल पा रहे या जिन लोगों को उचित इलाज नहीं मिल रहा है, उन सभी जरुरतमंदों के लिए युवा साधकों ने कुछ डॉक्टरों के साथ मिलकर 6 दिन पूर्व सीमित समय के लिए कोविड हेल्पलाइन शुरू की, जहाँ फोन कॉल के माध्यम से मरीजों की डॉक्टरों से बात कराई और कुछ ही घंटों में 300 से अधिक लोगों को डॉक्टरों द्वारा परामर्श प्राप्त हुआ, उसके उपरांत लगातार यह सिलसिला बढ़ता गया और कॉल्स के अनुसार लोगों की आवश्यकता को देखते हुए डॉक्टरों की संख्या और हेल्पलाइन का समय बढ़ता गया, जहाँ आज उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार, बंगाल, कर्नाटक, तेलंगाना आदि सहित 15 राज्यों से लगभग 200 डॉक्टर इस मुहिम से जुड़े हैं और इसकी समय सीमा खत्म कर चौबीस घन्टे के लिए निर्बाध कर दिया गया है। अब इस मुिहम में बिना किसी बाधा के लगातार लोग अपनी आवश्यकतानुसार डॉक्टरों से नि:शुल्क परामर्श ले रहे हैं। युवाओं की एक टीम ने इसका जिम्मा संभाला तो दूसरी टीम ने देशसेवा के लिए इच्छुक, विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के डॉक्टरों से संपर्क साधकर विडियो कॉल पर बात कराकर कोरोना पीड़ितों को उचित परामर्श देना शुरू किया जिसमें अभी साउथ अफ्रीका, आॅस्ट्रेलिया से डॉक्टर जुड़े हैं और अभी जल्द ही दुबई, अमेरिका व न्यूयॉर्क से भी जुड़े डॉक्टरों ने अपनी सेवा देने का आश्वासन दिया है।
गुरु माँ डॉ. कविता अस्थाना के नेतृत्व में टीम ने गाजियाबाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गोविन्दपुरम से इंदिरापुरम तक कोरोना पीड़ितों के घर-घर जाकर भोजन के पैकेट्स के वितरित करने का कार्य आरम्भ किया। इस समय अनेक लोग अत्यधिक प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं, अनेक ऐसे परिवार हैं जहाँ पूरा परिवार कोरोना से ग्रसित है, कुछ ऐसे लोग हैं जो दूर किसी स्थान से आकर यहाँ हमारे शहर में अकेले रहते हैं और वो इस भयावह बीमारी से पीड़ित हैं, कुछ के परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं और माता-पिता पीड़ित हैं, ऐसे में उन्हें इतनी कठिनाई हो रही है और उन्हें ठीक से भोजन भी नहीं मिल रहा है। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए हमारे आश्रम सदस्य देवेन्द्र हितकारी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर भोजन की व्यवस्था शुरू की और फिर पैकिंग व भोजन पैकेट्स वितरण का जिम्मा आश्रम की युवा टीम को दिया। गुरु माँ के निर्देशन में सभी ने बखूबी निभाते हुए 150 से अधिक परिवारों को दोपहर व रात का भोजन उनके घर पर जाकर भेंट किया। गुरु माँ ने भी रोटियां बनाकर इस सेवाकार्य को अपना आशीर्वाद दिया और अन्य लोगों को प्रेरणा दी और इसके साथ मिशन सदस्यों द्वारा जिला अस्पताल, संजयनगर में प्रबंधन समिति से बात कर उनकी आवश्यकता पर 15 दिन के लिए कोरोना पॉजिटिव रोगियों के लिए पानी की बोतलें, क्राकरी आदि की व्यवस्था भी की गयी है। देशसेवा को समर्पित ये देशभक्त युवा यहीं नहीं रुके इन सेवाकार्यों को आगे बढ़ाते हुए लोगों की सहायता हेतु कल से एक नए कार्य को भी आगे बढ़ाया और कॉल्स पर लोगों को अन्य संगठनों के माध्यम से प्लाज्मा, आॅक्सीजन बेड, आॅक्सीजन सिलिंडर, दवाइयां, एम्बुलेंस, नर्सिंग एवं मेडिकल स्टाफ, ट्रांसपोर्टेशन, वेंटीलेटर आदि उपलब्ध करवाया। इनसे संबंधित हमारे पास जिन लोगों ने पूछताछ की उनमें से लगभग 60 प्रतिशत लोगों को उनकी जरूरत के हिसाब से आवश्यक चीजें उपलब्ध करायीं गयी। विभिन्न राज्यों से लगभग 300 सेवादार इन सभी कार्यों को संचालित करने में अपना सहयोग दे रहे हैं। डॉक्टरों से नि:शुल्क परामर्श प्राप्त करने हेतु इस नंबर पर संपर्क करें: 9412218957 व अन्य किसी भी सहायता के लिए नंबर संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button