राष्ट्रीयलेटेस्ट

तूफान तोकते ने मुंबई में मचाही तबाही, बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित

नई दिल्ली। कोरोना वायरस तो पहले ही आफत बनकर टूट रहा था अब तोकते तूफान ने तबाही मचा रखी है। गोवा व केरल में आधा दर्जन लोगों की मौत और बिल्डिंगों को ध्वस्त कर चुके इस तूफान से मुंबई में भारी बारिश और तेज आंधी ने लोगों को डरा रखा है। तूफान को लेकर मुंबई में हुए नुकसान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महारष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत भी की। मुंबई में बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरने से लोगों को परेशानी हो रही है। तेज आंधी से बिजली के पोल व पेड़ उखड़ गए। कई जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। तूफान को लेकर पूरे राज्य में कई दिन पहले अलर्ट घोषित किया गया था। तूफान के चलते तटीय क्षेत्रों में स्थित कई अस्पतालों से कोविड के मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। रविवार को तेज हवा के चलते झोपड़ी पर पेड़ गिरने से दो बहनों की मौत हो गई थी, जबकि एक महिला घायल हो गई थी।
पालघर के जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों से गुजारिश है कि तूफान की वजह से हवा बहुत तेज रहेगी और तेज बारिश भी होने वाली है। जिले में हाई अलर्ट है। जिनके कच्चे मकान हैं, वे पक्के मकान या जिला परिषद के स्कूल में जाएं। घर से बाहर न जाएं। बता दें कि अरब सागर से उठा समुद्री तूफान तोकते केरल, कर्नाटक और गोवा के तटवर्ती इलाकों में तबाही मचाते हुए रविवार को आगे बढ़ गया। बारिश और तेज हवाओं से सैकड़ों घर उजड़ गए। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। तूफान से जुड़े हादसों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 101 टीमों के साथ कोस्टगार्ड, नौसेना और वायुसेना भी मुस्तैद है। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा के मुख्यमंत्रियों और दमन और दीव और दादरा नगर हवेली के प्रशासकों के साथ बैठक कर बचाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने तूफान के दौरान कोविड अस्पतालों और आक्सीजन प्लांट की सुरक्षा का विशेष प्रबंध करने और आक्सीजन का पर्याप्त स्टाक रखने का निर्देश दिया। वहीं कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने भी नेशनल क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button