
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कोई रियासत देने के मूड में नहीं है। भले ही उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों के भीतर कोरोना के नए मामलों में कमी आई हो फिर भी लॉकडाउन की अवधि को एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। योगी सरकार ने एक हफ्ते का लाकडाउन और लगा दिया है। इतना ही लॉकडाउन के दौरान सख्ती भी बढ़ा दी गई है। अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि यह लॉकडाउन आंशिक कोरोना कर्फ्यू की तरह होगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद गावों में कोरोना संक्रमण तेजी फैल रहा था। पांच मई से कोरोना जांच अभियान और कोरोना दवाई किट का वितरण भी किया जा रहा है। सरकार की इस सक्रियता से प्रदेश में दो दिनों के भीतर नए मामलों में कमी आती दिखाई दे रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार अब कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है इसलिए सतर्कता बतर रही है। इसके अलावा अगले कुछ दिनों में ईद का पर्व भी आने वाला है, ऐसे में जरा सी भी लापरवाही कोरोना संक्रमण को बढ़ा सकती है। वैसे उत्तर प्रदेश में 30 अप्रैल के बाद से ही आंशिक कोरोना कर्फ्यू है। इसका असर यह हुआ कि कोरोना के सक्रिय मामलों में 60 हजार की कमी आ गई है।
प्रदेश की योगी सरकार ने 29 अप्रैल को शुक्रवार शाम आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक लॉकडाउन करने का निर्णय लिया था और फिर तीन मई को दो दिनों के लिए इसे और बढ़ा कर गुरुवार (6 मई) सुबह सात बजे तक कर दिया। इसके बाद 5 मई को इसकी मियाद सोमवार मतलब 10 मई सुबह सात बजे तक कर दी है। लेकिन अब लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने के एक दिन पहले ही योगी सरकार ने 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू लगा दिया है।



