लेटेस्टविशेष

अजब-गजब: डीजे के शोर से 63 मुर्गियों की मौत

नई दिल्ली। डीजे का शोर वैसे तो हर किसी को परेशान करता है लेकिन यह जीव-जन्तुओं के लिए मौत का कारण बनेगा ऐसा पहली बार सुनने में आया है। जी हां उड़ीसा में ऐसा ही अजीबो गरीब मामला सामने आया है। उड़ीसा के बालासोर जिले के नीलगिरी में विवाह-समारोह में तेज आवाज में बजाए जा रहे डीजे व जबरदस्त आतिशाबाजी के शोर में पास में ही स्थित एक मुर्गी फार्म में 63 मुर्गियां एक के बाद अचानक जमीन पर गिर गर्इं और उनकी मौत हो गई। एक साथ पांच दर्जन मुर्गियों की मौत होने पर मुर्गी फार्म के संचालक ने पशु चिकित्सक से कारण पूछा तो पता चला कि इन सभी मुर्गियों की मौत हार्ट अटैक से हुई है। मौत का कारण पता चलने पर मुर्गी फार्म के संचालक ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। फार्म हाउस के संचालक रंजीत कुमार परीदा द्वारा मीडिया को दी गई जानकारी में बताया कि दो दिन पहले रात में करीब बारह बजे उनके फार्म हाउस के पास से एक बारात गुजर रही थी। बारात में तेज डीजे बज रहा था और जबरदस्त आतिशबाजी की जा रही थी। डीजे तेज आवाज और धमक इतनी थी कि उसे सहन कर पाना मुश्किल हो रहा था। फार्म हाउस संचालक ने आगे बताया कि उन्होंने डीजे वाले से आवाज कम करने को कहा था लेकिन उन्होंने बात को अनुसना कर दिया इसको लेकर दूल्हे के दोस्त से भी कहासुनी हुई।
मुर्गी फार्म के संचालक ने जब अंदर जाकर देखा तो मुर्गियां जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उन्होंने मुर्गियों को हिला डुलाकर देखा तो वे मर चुकी थीं। अगले दिन सुबह उन्होंने पशु चिकित्सक को बुलाकर मुर्गियों की मौत होने के बारे में पूछा। पशु चिकित्सक ने उन्हें बताया कि इन सभी की मौत हार्टअटैक से हुई है। उधर, पुलिस ने इस मामले को लेकर आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने आरोपों को एक सिरे से नकार दिया और बताया कि जब सड़क पर शोर शराबा होता है तो वहां मुर्गियां क्यों नहीं मरती। खैर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button