
- लखनऊ में कम्युनिटी रेडियो संगठन उत्तर प्रदेश की अहम बैठक संपन्न


लखनऊ। कम्युनिटी रेडियो स्टेशन ‘केजीएमयू गूँज’ के परिसर में कम्युनिटी रेडियो संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न सामुदायिक रेडियो स्टेशनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर के. के. सिंह ने कम्युनिटी रेडियो की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि कम्युनिटी रेडियो स्टेशन धरातल पर सरकार की उपलब्धियों और जनता की वास्तविक समस्याओं से भली-भांति परिचित होते हैं। यह समाज की आवाज को सरकार तक और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का सबसे सशक्त और प्रभावी माध्यम है। कम्युनिटी रेडियो एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं रेडियो अंबेडकरनगर से आलोक सिंह ने बैठक में पूरे उत्तर प्रदेश से आए कम्यूनिटी रेडियो स्टेशनों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि रेडियो के माध्यम से सरकार और समुदाय के बीच जन-भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता तक पहुंच बनाने का इससे अच्छा कोई और माध्यम हो ही नहीं सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण भी सामुदायिक रेडियो स्टेशनों पर किया जाता है, इसके लिए सामुदायिक रेडियो स्टेशन के प्रतिनिधि आम जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री जी के संबोधन को सुनवाने का कार्य भी बखूबी कर रहे हैं। कम्यूनिटी रेडियो एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव एवं हिन्ट रेडियो गाजियाबाद के निदेशक सामंत सेखरी ने अपने संबोधन में कम्यूनिटी रेडियो के बेहतर सुधार को लेकर न केवल अपने विचार रखे बल्कि कम्युनिटी तक पहुंच को लेकर अपनी राय भी दी। उन्होंने कहा कि आज जब मीडिया के बहुत सारे माध्यम है ऐसे में कम्युनिटी रेडियो की एक अलग भूमिका को हम सभी सार्थकता दे रहे हैं। कम्युनिटी रेडियो पर जो जनकल्याण को लेकर कार्यक्रमों का प्रसारण किया जा रहा है उसके बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश सरकार की बहुत सारी योजनाओं के बारे में आमजन को जानकारी मिल रही है और वे उससे लाभान्वित भी हो रहे हैं।
कम्युनिटी रेडियो एसोसिएशन के उत्तर प्रदेश के कोषाध्यक्ष व हेलो बनारस रेडियो स्टेशन से प्रताप नारायण राय ने बैठक में आए सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए स्वागत किया। साथ ही केजीएमयू रेडियो स्टेशन की शालिनी गुप्ता व अन्य सहकर्मियों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक को आयोजित कराने में उनकी विशेष भूमिका रही है। इस मौके पर लाउडस्पीकर गोरखपुर के शैलेन्द्र चतुर्वेदी, आईआईएमटी मेरठ से हुसैन रजा, गोरखवाणी से नागेन्द्र मणि पाठक, हेलो अयोध्या से भानू प्रकाश मिश्र, रेडियो मेरठ से ताहिर, ब्रज की आवाज मथुरा से अमन भारद्वाज, रेडियो एसडी मुजफ्फरनगर से राहुल कुमार, रेडियो गोरखपुर से मार्तंड राम त्रिपाठी, रेडियो अवध गौंडा से प्रदीप मिश्रा, रेडियो ओमिनी बस्ती से वीर प्रताप सिंह, रेडियो रंग देवरिया सुमंत कुमार, किसान रेडियो बस्ती से सुरेन्द्र शुक्ला, रेडियो कानपुरिया से देवेन्द्र सिंह भदौरिया, हाफ लेमन आजमगढ़ से शिवम चतुर्वेदी, वक्त की आवाज कानपुर देहात से हरी, एफएम मुरादाबाद से कमल सिंह, रेडियो बदायु से दीपक यादव, रेडियो जागो हरदोई से अगम आनंद, रेडियो प्रज्ञा कुशीनगर से श्रृष्टि पांडेय, रेडियो वीकेआईटी बिजनौर से मोहम्मद जाहिद, कबीर रेडियो संतकबीरनगर से व्यास मिश्रा , रेडियो खीरी से संजय रायE हेलो उन्नाव से जगदीश यादव आदि ने शिरकत की। बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने सामुदायिक रेडियो के विस्तार और इसकी सामाजिक उपयोगिता को और अधिक प्रभावशाली बनाने का संकल्प लिया।



