मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की

फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया को अभियान के रूप में तेजी से पूर्ण कराए जाने के निर्देश
प्रदेश के किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अत्यन्त महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री
फार्मर रजिस्ट्री को सभी कृषि एवं विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि पंजीकृत किसानों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से प्राप्त हो सके
प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष कैम्प आयोजित कर किसानों को रजिस्ट्री से सम्बन्धित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाए
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री को सभी कृषि एवं विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि पंजीकृत किसानों को गेहूँ क्रय, दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खरीद के साथ-साथ बीज, उर्वरक, कृषि रक्षा रसायन, कृषि यंत्रों एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने यहाँ अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया को अभियान के रूप में तेजी से पूर्ण कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष कैम्प आयोजित कर किसानों को रजिस्ट्री से सम्बन्धित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाए। इस कार्य में राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी समन्वित रूप से कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के छोटी व बड़ी जोत के सभी कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि वे सभी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र किसान इस प्रक्रिया से जुड़ सके और उसे योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
बैठक में कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, मुख्य सचिव एस0पी0 गोयल, चीफ नॉलेज ऑफिसर, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार राजीव चावला, प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र, प्रमुख सचिव राजस्व श्रीमती अपर्णा यू0 तथा कृषि निदेशक डॉ0 पंकज त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



