लखनऊस्लाइडर

मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम नवमी पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम नवमी के मंगलमय अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हृदय से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का दिव्य जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और करुणा सहित समस्त मानवीय मूल्यों का सर्वोच्च प्रतीक है। प्रभु श्रीराम का चरित्र न केवल व्यक्तिगत आचरण को दिशा देता है, बल्कि समाज और शासन-व्यवस्था को भी न्याय, समरसता और उत्तरदायित्व की राह पर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम का आदर्श हमें कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और यही मूल्य ‘रामराज्य’ की संकल्पना का आधार है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रीराम नवमी का यह पावन पर्व हमें अपनी सनातन मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ते हुए लोकमंगल, सेवा और परोपकार के भाव को आत्मसात करने का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें तथा समाज में सद्भाव, सौहार्द और परस्पर सहयोग की भावना को सुदृढ़ करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि श्रीराम नवमी के पर्व को शान्तिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए समुचित और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रदेश के समस्त श्रीराम मन्दिरों, पूजा स्थलों एवं धार्मिक परिसरों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन-पूजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबन्धन के प्रभावी उपाय तथा सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस उत्सव को पूरी श्रद्धा, उल्लास एवं अनुशासन के साथ मनाएं, सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा प्रदेश की गरिमा और परम्परा के अनुरूप इस पर्व को एक आदर्श उत्सव के रूप में मनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रभु श्रीराम की कृपा से प्रदेश में सुख, शान्ति, समृद्धि एवं खुशहाली का वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा उत्तर प्रदेश निरन्तर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button