केआईईटी ने किया मैनिफेस्ट 2026 का भव्य तरीके से अनावरण



गाजियाबाद। केआईईटी मानद विश्वविद्यालय के स्कूल आॅफ मैनेजमेंट ने अपने प्रमुख प्रबंधन एवं सांस्कृतिक उत्सव मैनिफेस्ट 2026 का भव्य अनावरण परिसर में आयोजित एक ऊर्जावान समारोह में किया। इस आयोजन को पारले एग्रो और गोलिव टेक्नोलॉजीज का सहयोग प्राप्त रहा, जबकि अंतरराष्ट्रीय प्रायोजकों में अपलिफ्ट 3600 और एग्री ले’फर्मियर ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड, सिंगापुर शामिल रहे। मीडिया पार्टनर के रूप में बिजनेस स्टैंडर्ड ने साथ दिया। इस भव्य आयोजन में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से 100 से अधिक विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, गणमान्य अतिथियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दिनेश गौतम, वरिष्ठ टीवी पत्रकार एवं एंकर, टीवी9 भारतवर्ष, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अमित जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्विद्यालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. मनोज गोयल के स्वागत संबोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने अनुभवात्मक शिक्षा और उद्योग-तत्परता पर बल दिया। इसके पश्चात डॉ. आदेश कुमार पांडेय, डायरेक्टर अकादमिक्स, ने मुख्य वक्तव्य देते हुए मैनिफेस्ट 2026 की शैक्षणिक प्रासंगिकता और नेतृत्व, नवाचार एवं उद्यमशीलता के विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। केआईईटी स्कूल आॅफ मैनेजमेंट की डीन डॉ. बिंकी श्रीवास्तव ने भी अपने प्रेरक विचार साझा किए। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मैनिफेस्ट 2026 का टीजर प्रदर्शन और औपचारिक अनावरण रहा। इसके बाद परिसर विविध गतिविधियों से जीवंत हो उठा, जिनमें ग्लोबल गली (क्षेत्रीय फ्लैश मॉब), ट्रेजर हंट, मिस्ट्री ट्रेल, बिजनेस प्लान प्रतियोगिता, फाइनेंस फ्लैश एवं रॉयल आॅक्शन, मार्कएज, एक्ट ए केस और सिनर्जी स्प्रिंट शामिल रहे। इन गतिविधियों ने प्रबंधन कौशल, रचनात्मकता, टीमवर्क और मनोरंजन का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन जजों और प्रायोजकों के सम्मान, पुरस्कार वितरण तथा प्रोग्राम हेड डॉ. रणचय भाटेजा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद आरजे रॉकी की विशेष प्रस्तुति ने उत्सव के माहौल को और जीवंत बना दिया। डॉ. अरुणिमा मिश्रा के समन्वय में आयोजित मैनिफेस्ट 2026, काईट की समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा में सीखी गई अवधारणाओं को वास्तविक परिस्थितियों में लागू करने का सशक्त मंच प्रदान करता है, साथ ही संस्कृति, नवाचार और सहयोग का उत्सव भी मनाता है।



