विवेकानंद कॉलेज में वंसोत्सव एवं सरस्वती पूजन का आयोजन, नृत्य प्रस्तुति ने मोहा सबका मन


नई दिल्ली। विवेकानंद कॉलेज, एन.सी.वेब में वसंत उत्सव के अवसर पर वसंतोत्सव एवं सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कमला नेहरू कॉलेज की प्रवाचिका, स्वर्ण पदक से सम्मानित तथा कैलिफोर्निया में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में सेवाएँ दे चुकीं विदुषी प्रोफेसर सरिता शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके सारगर्भित एवं प्रेरणादायी उद्घोषण वक्तव्य ने विद्यार्थियों के मन में नवचेतना, स्फूर्ति और आत्मविश्वास का संचार किया। उनके विचारों से विद्यार्थी गहराई से प्रेरित हुए, जो इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा अत्यंत मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं। सरस्वती पूजा को कथक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसने श्रद्धा और सौंदर्य का अद्भुत समन्वय उपस्थित किया। साथ ही गुरुकुल परंपरा की श्रेष्ठता पर आधारित एक सशक्त नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय शिक्षा परंपरा के गौरव से परिचित कराया। वसंत ऋतु पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उल्लास, ऊर्जा और सौंदर्य से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर टीचर-इन-चार्ज डॉ. कामिनी तनेजा ने अपने संबोधन में कहा कि एन.सी.वेब की निदेशक प्रोफेसर गीता भट्ट एवं प्रधानाचार्या प्रोफेसर पिंकी मौर्या के सतत मार्गदर्शन और सहयोग के कारण विवेकानंद कॉलेज निरंतर नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर है। उनका मार्गदर्शन ही हमें नवाचार, सृजनात्मकता और नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करता है। डॉ. तनेजा ने कार्यक्रम की सफलता हेतु संयोजिका डॉ. भावना गर्ग, नाट्य प्रस्तुति में विशेष योगदान देने वाली डॉ. सना तथा डिप्टी कोआॅर्डिनेटर तुलसी के प्रति भी हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। समग्र रूप से यह आयोजन ज्ञान, संस्कृति और परंपरा का अनुपम संगम बनकर सभी के मन में एक स्मरणीय एवं प्रेरक छाप छोड़ गया।



