आई.टी.एस डेंटल कॉलेज में दो दिवसीय रिसर्च मेथोडोलॉजी कार्यशाला आयोजित


गाजियाबाद। आई.टी.एस डेंटल कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शोध करने के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से 15 एवं 16 जनवरी, 2026 को दो दिवसीय रिसर्च मेथोडोलॉजी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संस्थान के एम.डी.एस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी दंत विभागों से दंत चिकित्सकों ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. हर्ष प्रिया रहीं जो वर्तमान में एम्स (एआईआईएमएस), सेंटर फॉर डेंटल एजुकेशन एंड रिसर्च, नई दिल्ली के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। डॉ. हर्ष प्रिया नेशनल ओरल हेल्थ प्रोग्राम के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं तथा इसके अंतर्गत विभिन्न सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्रियों के विकास एवं उनके प्रभाव के मूल्यांकन में योगदान दे रही हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने डब्ल्यूएचओ सहयोगी केन्द्र के तत्वावधान में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल स्तर पर ओरल प्री-मैलिग्नेंट लीजन एवं ओरल कैंसर विषय पर मैसिव ओपन आॅनलाइन कोर्स के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यशाला के दौरान डॉ. हर्ष एवं उनकी टीम द्वारा रिसर्च मेथोडोलॉजी विषय पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किये गये। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक कौशल विकसित करने, सैद्धांतिक अंतदृष्टि प्राप्त करने तथा अपने शोध कार्य को प्रकाशन योग्य सामग्रियों में परिवर्तित करने की विधियों के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को अनुसंधान की योजना, कार्यान्वयन, डेटा विश्लेषण एवं निष्कर्ष निकालने की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराया गया। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को अध्ययन में उपयोगी निष्कर्ष निकालने के बारे में जानकारी प्रदान हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये और डॉ. हर्ष एवं उनकी टीम ने सभी प्रतिभागियों के लिए इस ज्ञानवर्धक मंच का आयोजन करने के लिए संस्थान का आभार प्रकट किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध संबंधी ज्ञान प्राप्त हुआ, जिसके लिए सभी ने आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को धन्यवाद ज्ञापित किया।



