सेहत सही लाभ कई: आकाशनगर का आयुष्मान आरोग्य मंदिर लोगों की सेहत का रख रहा बेहतर से ख्याल



गाजियाबाद। सचमुच सेहत सही होगी तो ही उसके लाभ हमें मिल सकेंगे। स्वस्थ शरीर होगा तो हम परिवार, समाज और देश के नवनिर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हमारी सेहत की फिक्र सरकार को बखूबी है इसलिए तो शहर में जगह-जगह आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं। इन आरोग्य मंदिरों से लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। स्मार्ट के तत्वावधान में सेहत सही लाभ कई जागरुकता कार्यक्रम के तहत हिन्ट रेडियो की टीम ग्राउंड जीरो पर जाकर लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में न केवल जानकारी ले रही है बल्कि सेहत सही लाभ कई के तहत लोगों को सरकार द्वारा स्वास्थ्य को लेकर चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत भी करा रही है। हिन्ट रेडियो ने आकाशनगर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जाकार लोगों को नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद में खोले गए एनबीएसयू व एसएनएसयू के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इन दोनों में अंतर क्या है और इसके तहत नवजात बच्चों की साधारण व गंभीर बीमारियों का कैसे इलाज होता, कितना स्टाफ रहता है, क्या-क्या संसाधन होते हैं इसके बारे में भी बताया और मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा इस विषय में दी गई जानकारी को भी ब्लूटूथ के माध्यम से सुनाया गया। यहां डाक्टर शिवानी शर्मा अपनी एक स्टाफ के साथ पूरे सेंटर को संभाल रही हैं। डाक्टर शिवानी शर्मा की पहल को भी सलाम है कि उन्होंने अपने हाथ से लिखकर पंफलेट भी आकाशनगर की कॉलोनियों में चिपकवाए हैं जिसमें बताया गया है कि आरोग्य मंदिर में क्या-क्या जांच होती हैं। डाक्टर शिवानी शर्मा ने हिन्ट रेडियो के साथ बातचीत करते हुए बताया कि लगभग 15 हजार की आबादी को उक्त आरोग्य मंदिर कवर कर रहा है, आरोग्य मंदिर में और संसाधन बढ़ाए जाने के लिए भी विभाग को लिखेंगी। हर सप्ताह आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है जिसमें मरीजों की संख्या और दिनों के मुकाबले अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर हम गंभीर रहते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सेहत सही लाभ कई का संकल्प भी लिया।



