अन्तर्राष्ट्रीय

नेपाल-श्रीलंका के अधिकारी गाजियाबाद सीडीटीआई में आतंकवाद से लड़ने का ले रहे प्रशिक्षण

गाजियाबाद। सीडीटीआई गाजियाबाद में नेपाल और श्रीलंका के अधिकारियों के लिए पांच-दिवसीय काउंटर वायलेंट एक्सट्रीमिज्म और डी-रेडिकलाइजेशन कोर्स का शुभारंभ किया गया। यह कोर्स 9 जनवरी, 2026 तक चलेगा। इस कोर्स का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद केशव कुमार चौधरी ने विधिवत रूप से किया। यह कोर्स विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के निर्देशानुसार सीडीटीआई गाजियाबाद में आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन के अवसर पर आईपीएस सीडीटीआई गाजियाबाद के निदेशक डॉ. सचिन गुप्ता, उप-प्रधानाचार्य पी.के. जोशी, उप पुलिस अधीक्षक ओ पी शर्मा व कोर्स समन्वयक उप पुलिस अधीक्षक प्रशासन उमेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षण शीला चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक ब्रह्मपाल पाल सिंह बालियान, उप पुलिस अधीक्षक संजय शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक आर के सिंह, राजकमल, नूतन सिंह व संस्थान के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बलों को उग्रवाद से लड़ने के लिए तैयार करना है। यह एक महत्वपूर्ण विषय है और यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विदेशी अधिकारियों को इस चुनौती का सामना करने के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान प्रदान करेगा। अनुभवों और ज्ञान को साझा करना और सीखना इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इस कार्यक्रम के दौरान आतंकवाद के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी, जिसमें आतंकवाद की जड़ें, इसका प्रभाव और इसका मुकाबला करने की रणनीतियाँ शामिल हैं। प्रशिक्षणार्थी, प्रशिक्षण और केस स्टडी के माध्यम से सीखेंगे कि आतंकवाद के खतरों का सामना कैसे करें और समुदायों को सुरक्षित कैसे रखें।
केंद्रीय गुप्तचर प्रशिक्षण संस्थान, पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करके एक सराहनीय पहल की है। यह कार्यक्रम विदेशी अधिकारियों को अपने-अपने देशों में प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का पालन करने और सुरक्षा और शांति बनाए रखने में मदद करेगा। मुख्य अतिथि केशव कुमार चौधरी ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं और कहा कि उन्हें विश्वास है कि आप सभी इस अवसर का पूरा लाभ उठाएंगे और अपने ज्ञान और कौशल को बढ़ाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button