गाजियाबाद

जिलाधिकारी ने एमएमजी अस्पताल का किया निरीक्षण

  • मरीजों व तीमारदारों को वितरित किए कम्बल व फल
  • प्रत्येक मरीज को बेहतर, संवेदनशील और मानवीय उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता
  • कहा- किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
  • स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जीटी रोड स्थित एमएमजी अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और मरीजों व उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति जानी। जिसमें उन्होंने जाना की मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी विभिन्न वार्डों में पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से डॉक्टरों की नियमित विजिट, इलाज की गुणवत्ता, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों के व्यवहार के बारे में जानकारी ली। मरीजों द्वारा दी गई प्रतिक्रियाओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उन्होंने मरीजों को फल वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया।
ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में मौजूद जरूरतमंद मरीजों एवं उनके तीमारदारों को कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अस्पताल में आने वाला कोई भी व्यक्ति असुविधा महसूस न करें और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं रैन बसेरे की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था में कहीं भी लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने को कहा, ताकि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था, जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाइयों, डॉक्टरों की समयबद्ध विजिट तथा आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्रता से बनाए जाएं, ताकि उन्हें नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल सके। अंत में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, संवेदनशील और मानवीय उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button