पत्रकार गौरव शशि नारायण के पिता व पत्नी का हिंडन तट पर हुआ अंतिम संस्कार

- मौत के क्रूर पंजों ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार, निशब्द थे लोग
गाजियाबाद। मंगलवार को पत्रकार गौरव शशि नारायण के साथ बहुत बड़ा अमंगल हो गया। ऐसा अमंगल हुआ कि हंसते खेलते परिवार को मौत के क्रूर पंजों ने उजाड़ कर रख दिया। पिता और पत्नी की मौत ने न केवल गौरव शशि नरायण को बल्कि मीडिया जगत के साथी और जिसने भी यह खबर सुनी उसी को हिलाकर रख दिया, उनके मुंह से निकल रहा था कि हे भगवान ये तूने क्या कर दिया। बुधवार की सुबह गौरव शशि नरायण के चिरंजीव विहार स्थित आवास से पिता शशि नारायण और पत्नी गरिमा नारायण के पार्थिव शरीर को हिंडन तट पर ले जाया गया जहां विधि विधान से अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी, पुलिस विभाग के घनिष्ठ मित्र, विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता एवं शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बता दें कि गौरव शशि नरायण के पिता और उनकी पत्नी की मंगलवार को कविनगर स्थित अस्पताल में अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई थी।



