लायंस क्लब हिंडन रिवर द्वारा आयोजित महा शिव पुराण का धार्मिक अनुष्ठान भव्यता के साथ संपन्न

गाजियाबाद। रॉयल किड्स स्कूल, राजनगर सेक्टर-7 में अत्यंत भव्य एवं दिव्य रुद्राभिषेक महोत्सव का आयोजन अद्वितीय धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की पवित्रता और वैदिक गरिमा इतनी अद्भुत रही कि उपस्थित श्रद्धालुओं के मन भावविभोर हो उठे। 251 श्रद्धालुओं द्वारा 151 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण एवं उनका पूर्ण वैदिक विधि-विधान से अभिषेक। आचार्य पंडित रवि नंदन जी शर्मा एवं उपाचार्य पंडित देवांशु शर्मा के द्वारा शिव महा पुराण में शिवा पार्थिव चिंतामणि प्रयोग किया गया। मातृशक्ति ने विशेष रूप से सभी पूजन सामग्री—काला तिल, दूध, दही, घी, बेलपत्र, चावल, गन्ने का रस, नैवेद्य एवं चरणामृत—से भगवान शिव का अभिषेक कर आध्यात्मिक वातावरण को पावन बना दिया। व्यासपीठ से आचार्य कमल नयन शास्त्री जी ने पंचम दिवस की शेष कथा का समापन अत्यंत प्रभावशाली उद्बबोधन के साथ किया। आचार्य जी के दिव्य सत्संग ने पूरे पंडाल में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया। इसके उपरांत, रॉयल किड्स स्कूल के एचओडी तथा समाजसेवी लायन राजेश गर्ग ने और उनकी अर्धांगिनी साधना गर्ग ने आचार्य कमल नयन शास्त्री एवं ज्योतिषाचार्या दीपाली का आदर सहित सम्मान एवं भेंट प्रदान की। तत्पश्चात मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने भी आचार्य को दान-दक्षिणा अर्पित कर उनका सम्मान बढ़ाया। सामूहिक हवन, जिसमें सैकड़ों लोगों ने सनातन धर्म की पुराणोक्त विधि और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियाँ समर्पित कीं। पूरे परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी अध्यात्ममयी वातावरण की अद्भुत छटा देखने योग्य थी।
बगलामुखी साधिका एवं प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्या दीपाली सक्सेना द्वारा श्रद्धालुओं को विशेष रूप से अभिमंत्रित किए हुए रुद्राक्ष प्रदान किए गए। अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण करके दिव्य अनुष्ठान का लाभ लिया। आचार्य कमल नयन शास्त्री ने अगले समय में भी श्रीमद् भागवत कथा कराने का आश्वासन दिया, जिसे सुनकर श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस पूरे धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने में लायन क्लब के सभी सदस्यों कथा संयोजक लायन राजेश गर्ग, लायन रवि प्रकाश गुप्ता, लायन विजय गर्ग, लायन दीपक अग्रवाल एवं लायन अतुल भूषण ने रॉयल किड्स स्कूल के स्टाफ एवं को-स्टाफ लायन रानू खट्टर, लायन शिखा, रॉयल स्कूल की प्रधानाचार्या नेहा महाजन, उप प्रधानाचार्या रीना कुमारी, अध्यापिकाएं भारती गर्ग, पलक शर्मा, सुप्रिया, राधा, आरजू , दीपा नेगी, ऊषा देवी आदि ने विशेष योगदान देकर अद्भुत सहयोग प्रदान किया। राजनगर सेक्टर-7 में स्थित रॉयल किड्स स्कूल का यह कार्यक्रम अध्यात्म संस्कृत और समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर समाज के सामने उभरा है जो सदैव स्मरणीय रहेगा।



