आरकेजीआईटी में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 21 नवंबर से

गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी में आई. ई. ई. ई. द्वारा आयोजित एडवांसमेंट इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ए ई सी ई – 2025) पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 21-22 नवंबर 2025 को किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक डॉ आर के यादव एवं डॉ अमित सिंघल ने बताया कि इस संगोष्ठी के लिए 1250 शोध पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से संगोष्ठी में 226 शोध पत्रों को प्रस्तुत किया जाएगा। चयनित शोध पत्र आई. ई. ई. ई. एक्सप्लोर में प्रकाशित होंगे। इस संगोष्ठी के लिए जर्मनी, उज्बेकिस्तान, संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए), थाईलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, पेरू, यू. ए. ई., इराक तथा भारत के विभिन्न क्षेत्रों से शोध पत्र प्राप्त हुए हैं। इस दो दिवसीय संगोष्ठी में विश्व के विभिन्न क्षेत्रों से सम्मानित लोग व्याख्यान देंगे। संगोष्ठी में विभिन्न देशों की प्रतिष्ठित संस्थानों के आमंत्रित वक्ता भी अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। यह महत्वपूर्ण संगोष्ठी शोधकर्ताओं को नए उभरते हुए क्षेत्र में सक्रिय रूप से शामिल लोगों के साथ भविष्य की समस्याओं और उनके व्यवहारिक समाधान, वैज्ञानिक परिणाम और विषयों पर चर्चा करने और मिलने के लिए उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। प्रेसवार्ता में संस्थान के ग्रुप एडवाइजर डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. डी के चौहान, डायरेक्टर डॉ. बी सी शर्मा, डीन ई आई आई डॉ. पुनीत चंद्र श्रीवास्तव, डीन एक्रीडिटेशन डॉ. रामेन्द्र सिंह, संयोजक डॉ. आर के यादव (डीन एकेडमिक) आदि मौजूद रहे।



