गाजियाबाद

जवाहरगेट व्यापार समिति ने भाजपा पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप

  • कोर्ट में है मामला विचाराधीन, समिति ने पुलिस कमिश्नर व नगरायुक्त से की शिकायत
    गाजियाबाद। जवाहर गेट व्यापार समिति के अध्यक्ष गुलशन माकन ने भाजपा पार्षद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में आरोप लगाते हुए कहा है कि समिति के दो सदस्यों कुमकुम जग्गी पत्नी स्वर्गीय सचिन जग्गी, अनिल कुमार के खोखों को नगर निगम के बुल्डोजर से 4 नवंबर को तोड़ दिया गया। ये पूरी कार्रवाई अवैध थी। नगर निगम के बुल्डोजर के साथ भाजपा पार्षद राजीव शर्मा थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई नायक जितेन्द्र और निगम के कर्मचारी व अन्य सर्मथकों के साथ की गई इस कार्रवाई का जब विरोध किया गया और मोबाइल वीडियो बनानी चाही गई तो पार्षद राजीव शर्मा ने समिति के पदाधिकारियों के साथ गाली-गलोच व मारपीट की। आरोप है कि पार्षद राजीव शर्मा ने दुकानदार आयुष मित्तल व आसीम को मारपीट करते हुए नगर निगम के सिटी जोन कार्यालय में ले जाकर बंद कर दिया गया। वहां भी उनके साथ मारपीट की गई। दुकानदारों ने पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने सिटी जोन कार्यालय जाकर दुकानदारों को बंधन मुक्त कराया। इस मामले की शिकायत नगरायुक्त से की तो उन्होंने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समिति के अध्यक्ष गुलशन माकन ने कहा है कि ऐसा उनके साथ कई बार हो चुका है। इसका बड़ा कारण है कि हमारे खोखों के पीछे नगर निगम की भूमि जिसका खसरा नंबर 704, 705, 706, 707, 708 है, इस पर वर्ष 2005 में मंडी के स्थानांतरण होने के बाद से कब्जे होने शुरू हो गए थे। कई बार शिकायत भी की गई। वर्ष 2022 में उक्त पूरी भूमि को कब्जाने के उददेश्य से नगर निगम पर खादान्न व्यापारियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में वाद संख्या 2146 दायर किया जिसमें कहा गया कि खोखे वालों को यहां से हटाया जाए, नगर निगम ने लिखित में कोर्ट को बताया था कि कि खोखे वाले 60 साल से उनके किराएदार हैं। नगर निगम को खोखों से कोई आपत्ति नहीं है। श्री माकन ने बताया कि नगर निगम ने कोर्ट को लिखकर दिया था उक्त भूमि पर याचिकाकर्ता से कोई आपत्ति नहीं है। याचिकाकर्ता ने उक्त भूमि पर कब्जा कर रखा है जिसे कोर्ट के आदेश पर हटाया जाएगा। श्री माकन ने कहा कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है लेकिन निगम की भूमि पर अवैध निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है। उन्होंने पार्षद पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा है कि किन आदेशों के तहत वे बुल्डोजर लेकर खोखों को तोड़ने के लिए पहुंचे और दुकानदारों से मारपीट, गाली गलोच व बंधक बनाया। उन्होंने कहा है कि पूरे मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की गई है। नगरायुक्त को भी पूरे मामले से अवगत कराते हुए शिकायत की गई है। मौके पर पार्षद द्वारा की गई मारपीट व गालीगलोच की वीडियो फुटेज भी दी हैं। उधर पार्षद राजीव शर्मा से इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल मिलाया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसिव नहीं किया और ना कोई मैसेज दिया। मेयर सुनीता दयाल से भी मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button