उत्तर प्रदेशलखनऊस्लाइडर

पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों की सहायता के लिए सीएम योगी ने वाहनों को किया फ्लैग आफ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां अपने सरकारी आवास से पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए बीज सहायता हेतु वाहनों का फ्लैग आॅफ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पंजाब के अन्नदाता किसानों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार पंजाब के किसानों के साथ खड़ी है। इस आपदा का मुकाबला अकेले पंजाब के किसान नहीं करेंगे। भारत सरकार पर्याप्त मात्रा में फण्ड उपलब्ध करा रही है। विकास और आपदा से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश का एक प्रमुख राज्य है, जिसने स्वतंत्र भारत में कृषि आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने में एक बड़ी भूमिका का निर्वाहन किया। आज पंजाब में इस वर्ष हुई अतिवृष्टि के कारण विभिन्न प्रकार से जन जीवन प्रभावित हुआ है। बीज भी बाढ़ की चपेट में आने से खराब हो गया है। इसका प्रभाव वहां की खेती-बाड़ी में पड़ सकता है। प्रदेश के कृषि विभाग और उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम की ओर से 2,500 बोरे अर्थात 1000 कुन्तल उन्नत किस्म का डीबीडब्ल्यू-327 गेहूं बीज पंजाब के लिए रवाना किया जा रहा है। इस गेहूं बीज को करन शिवानी नाम से भी जाना जाता है, जो रोग प्रतिरोधी और जिंक बायो-फोर्टिफाइड है। यह बीज 155 दिनों में तैयार हो जाता है। इसकी औसतन उपज लगभग 80 कुन्तल प्रति हेक्टेयर तक प्राप्त करने में सफलता प्राप्त हुई है। राज्य सरकार द्वारा भेजा जा रहा यह बीज उत्तर प्रदेश के बीज विकास निगम की प्रगति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम की स्थिति अच्छी नहीं थी। आज उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम 148 करोड़ रुपये के लाभांश पर चल रहा है और अकेले एक वर्ष में 137 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट प्राप्त किया है। अन्नदाता किसान को समय पर उन्नत प्रजाति के बीज मिल जाए, तो उसकी लागत को कम करने और उत्पादन बढ़ाने में हमें मदद मिल सकती है। उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम ने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाकर प्रदेश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में सफलता प्राप्त की है। उत्तर प्रदेश में देश की कुल 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि आती है और देश का 21 प्रतिशत खाद्यान्न का उत्पादन करता है। आज देश की खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है। प्रदेश में 5 सीड पार्क बनाये जाने हैं, जिनमें लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण सिंह जी की स्मृति में एक सीड पार्क बनाये जाने की कार्यवाही गतिमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दीपावली का पांच दिवसीय कार्यक्रम उत्साह, उमंग के साथ शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। उत्साह, उमंग, खुशहाली का माहौल तब और प्रभावी हो पाता है, जब हम अपनी खुशी के साथ किसी पीड़ित को जोड़कर उसकी सहायता के लिए खड़े होते हैं। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने आज पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए गेहूं के बीज भेजे हैं। इससे पूर्व भी, प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब के बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री भेजने का कार्य किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरु परम्परा के छठवें गुरु-गुरु हरगोबिंद जी महाराज अपने सेवा कार्यों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने 52 से अधिक राजाओं को कैद से मुक्त कराने में अपना योगदान दिया था। उस समय गुरु हरगोबिंद जी महाराज के आगमन पर अमृतसर श्री हरमिंदर साहिब और उसके आसपास के क्षेत्र की जनता ने दीप प्रज्वलित किये थे, जिस प्रकार प्रभु श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की स्मृति में दीपावली सम्पूर्ण भारत में आयोजित की जाती है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री दीपक कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र, कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button