अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस पर चुप्पी तोड़ – हल्ला बोल अभियान के तहत विचार विमर्श कार्यक्रम आयोजित

गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर, ‘समाधान अभियान’ और ‘इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड’ ने संयुक्त रूप से साहिबाबाद थाने में स्थित बाल मित्र केंद्र में ‘चुप्पी तोड़ – हल्ला बोल’ परियोजना के अंतर्गत विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, जिसमें क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्हें बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई ताकि वे जमीनी स्तर पर इस संदेश को प्रभावी ढंग से फैला सकें। ‘समाधान अभियान’ की संस्थापक, श्रीमती अर्चना अग्निहोत्री, ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बच्चों के अधिकारों,और उनकी सुरक्षा व पोक्सो एक्ट पर जागरूक किया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाजियाबाद के सहायक कलेक्टर अयान जैन ने बाल मित्र केंद्र की सराहना की और पोक्सो एक्ट पर महत्वपूर्ण जानकरी दी । उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के प्रति आशा कार्यकतार्ओं को इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।’चुप्पी तोड़ – हल्ला बोल’ जैसे जागरूकता अभियान न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, बल्कि समाज को एक बेहतर और सुरक्षित भविष्य की दिशा भी दिखाएंगे। कार्यक्रम में समाधान अभियान और बाल मित्र केंद्र साहिबाबाद की पूरी टीम उपस्थित रही।



