इंडिपेंडेंट स्कूल्स फेडरेशन आफ इंडिया के अध्यक्ष बने डॉ. राम अवतार जिंदल

गाजियाबाद। कविनगर स्थित रामलीला मैदान के जानकी सभागार में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में इंडिपेंडेंट स्कूल्स फेडरेशन आफ इंडिया यानी आईएसएफआई की कमान जिंदल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. राम अवतार जिंदल को सौंप दी गई। फेडरेशन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना। जिम्मेदारी संभालते हुए डॉ. जिंदल ने कहा कि यह पद उनके लिए गौरव के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईएसएफआई का उद्देश्य केवल शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाना ही नहीं बल्कि शिक्षकों के सम्मान और गरिमा को भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने वादा किया कि हर माह विभिन्न विद्यालयों में बैठकें आयोजित कर शिक्षा जगत को और सशक्त बनाने के प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर गुलशन भांबरी को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया। समारोह में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने शिक्षकों और प्रिंसिपलों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक ही वह आधार हैं जिन पर समाज और राष्ट्र का भविष्य टिका है। समारोह में आईएसएफआई अध्यक्ष सुभाष जैन, शिक्षाविद जोगिंदर सिंह, यशमीत सिंह, रोजबैल पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या धरमजीत कौर सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद और शिक्षक शामिल हुए।



