उत्तर प्रदेशगाजियाबाद
महापौर सुनीता दयाल ने नवनियुक्त 15 मुख्य सेविकाओं को वितरित किए नियुक्ति प्रमाण पत्र


- ईसीई में उच्च प्रदर्शन करने वाली 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
- महापौर ने सैम से सामान्य में आये बच्चों को पोषण थाली भेंट कर किया प्रोत्साहित
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत जनपद गाजियाबाद की नवनियुक्त 15 मुख्य सेविकाओं को महापौर सुनीता दयाल द्वारा दुर्गावति देवी सभागार, विकास भवन में नियुक्ति पत्र वितरण किये गये। कार्यक्रम के शुभारम्भ में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल द्वारा महापौर श्रीमती सुनीता दयाल को तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती सुनीता दयाल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम में आम जन से जुड़ने का एक बेहतर माध्यम है। इससे हम जन—जन की समस्याओं और आवश्यकताओं से रू—ब—रू होते हैं और उस पर सरकार कार्य करती है। प्रत्येक जन का विकास और हर जन को समृद्ध बनाने हेतु सरकार संकल्पबद्ध है और यह हमारी सरकार का उद्देश्य एवं प्रा?थमिकता भी हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी को आशा है कि जिस प्रकार पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ आप लोगों का चयन हुआ है। आप लोगों के द्वारा भी पूर्ण ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के अपने दायित्वों का निर्वहन किया जायेगा। इसी के साथ में आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आपको बधाई देती हूं।
जनपद गाजियाबाद में महापौर सुनीता दयाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल व जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वार्ष्णेय ने जनपद से चयनित 15 मुख्य सेविकाओं पिंकी रानी, अनुराधा पाल, प्रीति तिवारी, अनु त्यागी, दिव्या, हेम बिंदु भाटिया, सुषमा चौधरी, अनुराधा पाल, वर्षा तेवतिया, सोनिया, नीतू रानी, गुलेशमा सैफी, सुधा रानी, नीलम रानी और शिवांगी को नियुक्ति पत्र वितरित किये। जनपद गाजियाबाद में रॉकेट लर्निग संस्था द्वारा आंगनबाडी प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण पूर्ण होने पर ईसीई में उच्च प्रदर्शन करने वाली जनपद की 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया है। महापौर सुनीता दयाल द्वारा सैम से सामान्य में आये बच्चों को पोषण थाली देकर प्रोत्साहित किया गया है। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।



